बीजिंग, 15 जुलाई (आईएएनएस)। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में पुस्तक “शी चिनफिंग: चीन का शासन” के पांचवें खंड का प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इस बात पर सहमति जताई कि इस किताब का पांचवा खंड, नए युग में चीनी विशेषताओं वाले समाजवाद पर शी चिनफिंग के विचारों को बहुत ही व्यवस्थित ढंग से पेश करता है। साथ ही, यह किताब अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चीनी शैली के आधुनिकीकरण और आज के चीन को गहराई से समझने के लिए एक भरोसेमंद माध्यम भी देती है।
अतिथियों ने कहा कि चीन और कजाकिस्तान आधुनिकीकरण के रास्ते पर एक साथ चलने वाले साथी हैं। राष्ट्रपति शी चिनफिंग के अहम कार्यों पर आधारित दोनों देशों के बीच शासन से जुड़े अनुभवों का यह साझाकरण, एक साझे भविष्य वाले चीन-कजाकिस्तान समुदाय के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति भवन के आंतरिक मामलों के विभाग के निदेशक एलनूर बेसेनबायेव ने कहा कि इस किताब के पांचवें खंड का प्रकाशन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सीख के मामले में एक नया मील का पत्थर है। कजाकिस्तान इस समय कई आर्थिक और सामाजिक सुधारों से गुजर रहा है और अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुसार आधुनिकीकरण को तेज कर रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की आधुनिकीकरण की प्रक्रियाओं में कई समानताएं हैं और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की इस किताब में दी गई शासन की फिलॉसफी और विकास रणनीतियां कजाकिस्तान के लिए बेहद अनमोल हैं।
वहीं, कजाकिस्तान के चीनी अध्ययन केंद्र की निदेशक गुलनार शैमरगेनोवा ने कहा कि दुनिया में हो रहे तेज बदलावों के बीच, चीन वैश्विक आर्थिक विकास का एक अहम इंजन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिरता बनाए रखने वाली एक प्रमुख ताकत बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग की रचनाओं का दर्जनों भाषाओं में अनुवाद हो चुका है और इन्हें दुनिया भर में खूब सराहा गया है। राष्ट्रपति शी के विचारों और कॉन्सेप्ट्स ने वैश्विक सहमति बनाने और दुनिया की विकास संबंधी चुनौतियों का समाधान करने में एक बड़ा योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान, चीनी पक्ष ने कजाखस्तानी मेहमानों को “शी चिनफिंग: चीन का शासन” के चौथे खंड की कजाख भाषा में और पांचवें खंड की रूसी भाषा में प्रतियां भेंट कीं। इसके अलावा, चीन और कजाकिस्तान के थिंक टैंक, कंपनियों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने व्यावहारिक सहयोग से स्थानीय समुदायों को हुए फायदों की प्रेरक कहानियां भी साझा कीं। बैठक में मौजूद विशेषज्ञों ने चीन-कजाकिस्तान के साझे भविष्य वाले समुदाय और ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल पर मिलकर काम करने जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा की।
इस कार्यक्रम का आयोजन चीनी राज्य परिषद के प्रेस कार्यालय, चीन के विदेशी भाषा प्रकाशन प्रशासन और कजाकिस्तान में स्थित चीनी दूतावास ने मिलकर किया था। इसमें चीन और कजाकिस्तान के 200 से ज्यादा अतिथियों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रकाशन, मीडिया, थिंक टैंक, विश्वविद्यालयों और व्यापारिक कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



