ऑस्ट्रेलिया के उच्च न्यायालय ने दोहरी नागरिकता के मामले में आज उप प्रधानमंत्री बार्नबाय जॉयस को अयोग्य करार दिया। अदालत के इस निर्णय के कारण गठबंधन सरकार अल्पमत में आ गयी है। अदालत ने जॉयस की सीट पर उप-चुनाव कराने के भी निर्देश दिये हैं।
दोहरी नागरिकता के मामले में उप प्रधानमंत्री जॉयस उन सात राजनीतिज्ञों में से एक है, जिनकी संसद में बैठने की योग्यता पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। इन सात नेताओं के बारे में हाल ही में पता चला था कि उनके पास दोहरी नागरिकता है जो आस्ट्रेलिया के संविधान का उल्लंघन है।
गौरतलब है कि सात सांसदों ने स्वीकार किया था कि पिछले साल चुनाव के समय उनके पास दोहरी नागरिकता थी लेकिन सरकार का तर्क है कि उनमें तीन जो कैबिनेट के सदस्य हैं, इस बात से अंजान थे कि उन्होंने उस संवैधानिक नियमों का उल्लंघन किया था।


Download Android App
Download iOS App



