अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पूर्व मुख्य रणनीतिकार स्टीव बेनन के विरुद्ध एक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि व्हाइट हाउस से निकाले जाने के बाद वह ‘अपना दिमाग खो चुके हैं।’ मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस ने इस संबंध में बुधवार को बेनन के विरुद्ध बयान जारी किया।
बेनन ने अपने नए किताब में रूसी वकील और राष्ट्रपति के बड़े पुत्र डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, उनके दामाद जेयर्ड कुश्नर व चुनाव के दौरान अभियान के चेयरमैन पॉल मानाफोर्ट के बीच मुलाकात को ‘विश्वासघाती’ और ‘देशद्रोही’ बताया है। ट्रंप ने एक बयान में कहा, ‘स्टीव बेनन का मुझसे और मेरे राष्ट्रपति पद (प्रसेडेंसी) से कुछ लेना-देना नहीं है।
जब उन्हें निकाला गया, उसने न केवल अपनी नौकरी गंवाई, बल्कि अपना दिमाग भी गंवा दिया।’ बयान के अनुसार, ‘स्टीव एक कर्मचारी था, जिसने मेरे लिए काम किया, उससे पहले ही मैं 17 उम्मीदवारों को हराकर नामांकन जीत चुका था।’ बेनन ने ट्रंप के दावे पर अभी तक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ‘ट्रंप ने बेनन पर पत्रकारों के साथ ज्यादा करीब रहने और व्हाइट हाउस के अंदर रहकर ‘झूठी सूचनाएं’ लीक करने में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया।’
बेनन आधिकारिक तौर पर अगस्त 2016 में ट्रंप के अभियान में शामिल हुए थे और राष्ट्रपति पद के चुनाव में हिलेरी क्लिंटन से मिल रही मुश्किल चुनौती के समय वे ट्रंप के सबसे प्रभावी ताकत में से एक थे। छह माह के कार्यकाल के दौरान बेनन राष्ट्रपति के सबसे प्रभावशाली सलाहकारों में से एक थे। उन्हें अगस्त में व्हाइट हाउस से बाहर किया गया था।
इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव साराह सैंडर्स ने बुधवार को पुष्टि की कि ट्रंप और बेनन ने पिछले माह बातचीत की थी। उन्होंने ट्रंप के उन दावों का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि बेनन व्हाइट हाउस से बाहर निकाले जाने के बाद अपना दिमाग खो चुके हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



