बिलावल 2011 के बाद से भारत की यात्रा करने वाले पाकिस्तान के पहले विदेश मंत्री

Summary :

बिलावल भुट्टो-जरदारी गुरुवार को एससीओ के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गोवा पहुंचे, लगभग 12 वर्षों में भारत का दौरा करने वाले पाकिस्तान के पहले विदेश मंत्री बने।

बिलावल भुट्टो-जरदारी गुरुवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गोवा पहुंचे, लगभग 12 वर्षों में भारत का दौरा करने वाले पाकिस्तान के पहले विदेश मंत्री बने।
हालांकि विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बिलावल की किसी द्विपक्षीय बैठक के संकेत नहीं मिले हैं। साल 2011 के बाद से पड़ोसी देश पाकिस्तान से भारत की यह पहली ऐसी उच्च स्तरीय यात्रा है।
बिलावल एससीओ काउंसिल ऑफ फॉरेन मिनिस्टर्स (सीएफएम) की बैठक में ऐसे समय भाग लेने के लिए भारत में आये हैं, जब दोनों देशों (भारत और पाकिस्तान) के बीच सीमा पार आतंकवाद को पाकिस्तान के निरंतर समर्थन सहित कई मुद्दों पर तनाव बढ़ रहा है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शाम को रूस, चीन, पाकिस्तान और एससीओ के अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के लिए एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। इसी के साथ समूह का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू हुआ।
पाकिस्तान के बिलावल भुट्टो जरदारी भी बेनौलिम में समुद्र तटीय ताज एक्सोटिका रिसॉर्ट में आयोजित स्वागत समारोह में शामिल हुए।
वही , हालांकि बिलावल के साथ गए पाकिस्तान के कुछ अधिकारियों ने यह दावा किया कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अन्य नेताओं की तरह अपने पाकिस्तानी समकक्ष से हाथ मिलाया, लेकिन भारतीय पक्ष की ओर से इस पर कोई पुष्टि नहीं हुई। 
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी और चीन के विदेश मंत्री चिन गैंग शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए गुरुवार दोपहर गोवा पहुंचे।
विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान विभाग के प्रभारी संयुक्त सचिव जे पी सिंह ने श्री बिलावल भुट्टो जरदारी की अगवानी की और पूर्वी एशिया विभाग के प्रभारी संयुक्त सचिव शिल्पक अंबुले ने चीनी विदेश मंत्री श्री चिन गांग की अगवानी की।
श्री जरदारी ने पाकिस्तान के कराची से गोवा के लिए रवाना होने से पहले अपने ट्वीट में कहा, ‘‘गोवा (भारत) के रास्ते में। एससीओ विदेश मंत्रियों की परिषद में पाकिस्तान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस बैठक में शामिल होने का मेरा फैसला एससीओ के चार्टर के प्रति पाकिस्तान की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’ उन्होंने एक अन्य ट््वीट में कहा, ‘‘मेरी यात्रा के दौरान, जो विशेष रूप से एससीओ पर केंद्रित है, मैं मित्र देशों के अपने समकक्षों के साथ रचनात्मक चर्चा के लिए तत्पर हूं।’’ हालांकि भारतीय नेतृत्व ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री की यात्रा को तवज्जो नहीं देने के संकेत दे दिये हैं। एससीओ विदेश मंत्रियों के आगमन पर स्वागत के वक्त ली गयीं जो तस्वीरें मीडिया में जारी की गयीं हैं, उनमें चीनी विदेश मंत्री चिन गांग के साथ संयुक्त सचिव श्री आम्बुले हाथ मिला रहे हैं लेकिन पाकिस्तानी विदेश मंत्री के स्वागत के समय संयुक्त सचिव जे पी सिंह ने उनसे हाथ नहीं मिलाया और सपाट भाव से थोड़ दूरी बना कर खड़ रहे।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सुबह ही गोवा पहुंच चुके हैं। एससीओ विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक गुरुवार एवं शुक्रवार को होनी है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर की आज एससीओ के महासचिव के अलावा रूस, चीन और उज़्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें निर्धारित हैं। एससीओ महासचिव एससीओ महासचिव झांग मिंग के साथ पूर्वाह्न में और रूस के विदेश मंत्री श्री लावरोव के साथ दोपहर के भोज के बाद बैठक हो चुकी है। सूत्रों ने बताया कि श्री झांग मिंग एससीओ को मजबूत करने में भारत की भूमिका के बारे में बहुत सकारात्मक थे।
विदेश मंत्रालय की ओर से शाम को इन बैठकों के बारे में आधिकारिक जानकारी दिये जाने की संभावना है।

Shera Rajput