अफगानिस्तान आज सुबह एक खतरनाक बम धमाके से दहल गया। काबुल विश्वविद्यालय के गेट के बाहर हुए धमाके के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि बम धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है और 27 लोग घायल हुए है।
जानकारी के मुताबिक अभी तक किसी भी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है। आपको बता दें, यहां तालिबान और इस्लामिक स्टेट से ताल्लुक रखने वाले संगठन अफगान सुरक्षाबलों, सरकारी अधिकारियों और अल्पसंख्यक शियाओं को निशाना बनाते है और बड़े पैमाने पर अकसर बम हमले करते रहते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. वहीदुल्लाह मयार ने ट्वीट करके ये कहा कि, ‘‘ काबुल में आज विश्वविद्यालय के गेट के बाहर हुए बम धमाके में छह लोग मारे गये और 27 घायल हो गये। सभी घायलों को पुलिस और प्रशासन ने अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है।’’ इस सह शिक्षा विश्वविद्यालय के परिसर में कई हॉस्टल हैं जहां छात्र गर्मियों में अक्सर रुकते हैं ।
आपको बता दें, अफगानिस्तान में शुक्रवार को सप्ताहांत की शुरुआत होती है। विश्वविद्यालय के एक अर्थशास्त्र के प्रोफेसर मसूद ने बताया कि जिस वक्त यहां धमाका हुआ उस समय कई वकील विश्वविद्यालय में न्यायाधीश बनने के लिए परीक्षा दे रहे थे।अभी तक फिलहाल यह साफ़ नहीं हो पाया है कि वकील बम धमाके के निशाने पर थे या नहीं।
वही दूसरी तरफ अमेरिका के एक खुफिया रक्षा अधिकारी ने कहा कि आईएस से ताल्लुक रखने वाले संगठन ने अपनी ताकत और पहुंच का विस्तार करने के लिए काबुल विश्वविद्यालय के खासकर तकनीकी में माहिर छात्रों को भर्ती करने के लिए कोशिशें तेज कर दी हैं।
आतंकी संगठन तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि शुक्रवार को काबुल में हुए धमाके में तालिबान किसी भी तरह से शामिल होने की उसे कोई जानकारी नहीं है।


Download Android App
Download iOS App


