अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में बंपर मतदान, 120 सालों का रिकॉर्ड टूटा

Summary :

अमेरिका में इस वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया जो 120 वर्ष एक रिकॉर्ड है।

वाशिंगटन : अमेरिका में इस वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया जो 120 वर्ष एक रिकॉर्ड है। अमेरिका में 2016 में 56 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2008 में मतदान 58 प्रतिशत रहा। 
 चुनाव पर नजर रखने वाली साइट ‘यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट’ के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस वर्ष 23 करोड़ 90 लाख लोग मतदान करने के योग्य थे। उनमें से करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आने वाले सप्ताह में यह संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है। 
इसके अनुसार तीन नवंबर के चुनाव में रिकॉर्ड 66.9 फीसदी मतदान हुआ, जो वर्ष 1900 के बाद का सर्वाधिक मतदान है। वर्ष 1900 के चुनाव में 73.7 फीसदी मतदान हुआ था। यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट के प्रमुख एवं फ्लोरिडा विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के एसोसिएट प्रोफेसर माइकल पी मैकडॉनल्ड ने कहा, ‘‘ 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में 120 वर्षों में मतदान दर सर्वाधिक रही। अभी भी बड़ी संख्या में बकाया मतों की गणना की जानी है।’’
यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट के अनुसार मिनेसोटा और मेन में इस वर्ष सर्वाधिक 79.2 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद आयोवा में यह 78.6 प्रतिशत रहा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मेन और आयोवा से जीते हैं और मिनेसोटा से उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन ने जीत दर्ज की है। 

Ujjwal Jain