ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को दूसरे देशों में जाकर छुट्टियां मनाने के विरूद्ध चेतावनी दी है और एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि पड़ोसी यूरोपीय देशों में कोरोना वायरस में वृद्धि से टीकाकरण के फायदों पर ग्रहण लग सकता है।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री बेन वालेस ने कहा कि यदि यात्रा योजनाओं पर कड़ाई से नियंत्रण नहीं लगाया गया तो यात्रियों द्वारा घातक वायरस की नयी किस्मों को साथ लेकर आने का जोखिम है। वालेस ने कहा, ‘‘ ब्रिटेन के बाहर जो कुछ हो रहा है, उससे हम आंखें और कान बंद नहीं रख सकते।’’
उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘‘ हम अपने टीकाकरण अभियान के फायदे को जोखिम में नहीं डाल सकते। यदि हम किसी तरह लापरवाह हो जाते हैं और नयी किस्मों को लेकर आ जाते हैं जो जोखिम में डालने वाली हैं, तो लोग उसके बारे में क्या कहेंगे।’’ उनका बयान सप्ताहांत पर आया जब इंगलैंड अपने टीकाकरण कार्यक्रम के तहत आधे से अधिक वयस्कों को टीका लगा चुका है।
इस बीच ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के इस सप्ताह यूरोपीय संघ के अपने समकक्षों के साथ बातचीत करने की संभावना है क्योंकि कोविड-19 टीके की आपूर्ति को लेकर विवाद जारी है। वहीं, ब्रिटेन में कोरोना वायरस से प्रभावितों की कुल संख्या 43.04 लाख के पार पहुंच गई हैं और 1,26,359 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



