नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावास में ध्वजारोहण किया गया। इसके साथ ही कई देशों के राजदूतों ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
भारत में इजरायल के राजदूत ने एक्स पोस्ट में कहा, “आज हम भारत का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। भले ही भारत और इजरायल आकार में अलग-अलग हों, लेकिन हमारी प्राचीन विरासत और राष्ट्रीय पुनरुत्थान समान हैं। हमें इजरायल और भारत की दोस्ती पर गर्व है। हम अपनी साझेदारी को और मजबूत करते रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!”
चीन के बीजिंग में भारतीय दूतावास में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस एक गरिमापूर्ण समारोह के साथ मनाया गया। इस समारोह में भारतीय समुदाय के लोग और भारत के मित्र बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने बारिश की परवाह किए बिना इसमें हिस्सा लिया। राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने तिरंगा फहराया और भारत के राष्ट्रपति के राष्ट्र के नाम संबोधन के कुछ अंश पढ़कर सुनाए।
चीन में भारतीय राजदूत ने एक्स पर लिखा, “सुबह होते ही हमारे तटों पर तिरंगा फहराया जाता है। सूर्यपथ तिरंगा के इस ऐतिहासिक सफर को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब भारतीय दूतावास जकार्ता की है। एक सूर्योदय से दूसरे सूर्योदय तक भारतीय तिरंगे को आगे ले जाएं और भारतीयों को हर घर तिरंगा का जोश फैलाने के लिए प्रेरित करें।”
हंगरी के भारतीय राजदूत में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। हंगरी के भारतीय राजदूत ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “तिरंगे का जश्न, हर घर तिरंगा। बुडापेस्ट में भारतीय दूतावास ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के तहत हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा लिया। इस अभियान के जरिए राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी एकता, गर्व और देशभक्ति की भावना का सम्मान किया गया।”
इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। दूतावास ने एक्स पोस्ट में लिखा,” सुबह होते ही हमारे तटों से तिरंगा फहराया जाएगा। सूर्यपथ तिरंगा के इस ऐतिहासिक सफर को आगे बढ़ाने, एक सूर्योदय से दूसरे सूर्योदय तक भारतीय तिरंगे को ले जाने और भारतीयों को हर घर तिरंगा का जोश फैलाने के लिए प्रेरित करने की ज़िम्मेदारी अब हनोई में भारतीय दूतावास की है।”
भारत में यूक्रेन के राजदूत ने एक्स पर लिखा, “स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत की जनता और सरकार को हार्दिक शुभकामनाएं। हम भारत की निरंतर समृद्धि, प्रगति और सफलता की कामना करते हैं!”
भारत में स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन ने एक्स पर लिखा, “भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। मैं आप सभी को समृद्धि, शांति और सौभाग्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। वन्दे मातरम्।”
–आईएएनएस
ओपी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



