भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव अभी भी जारी है। इस बीच चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भारत के साथ लगने वाली सीमाओं पर निगरानी रखने वाली जनमुक्ति सेना (पीएलए) की वेस्टर्न थियेटर कमान का नया कमांडर जनरल वांग हेईजियांग को नियुक्त किया है। आधिकारिक मीडिया में यह जानकारी दी गई।
सरकारी वेबसाइट ‘चाइनामिल’ की सोमवार रात की खबर के अनुसार सत्तारूढ़ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) और केन्द्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के अध्यक्ष शी ने वांग तथा चार अन्य सैन्य अधिकारियों को जनरल की रैंक पर पदोन्नति दी है। चीन में सैन्य सेवा में कार्यरत अधिकारियों के लिए ‘जनरल’ सर्वोच्च रैंक होता है। जनमुक्ति सेना (पीएलए) के लिए सीमएसी समग्र हाई कमान है।
पिछले महीने पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच गतिरोध होने के बाद से जनरल वांग वेस्टर्न थियेटर कमान के प्रमुख का पद संभालने वाले चौथे कमांडर हैं। शिनजियांग, तिब्बत स्वायत्तशासी क्षेत्रों और भारत के साथ लगने वाली सीमा की निगरानी की जिम्मेदारी इसी कमान की है और पीएलए के तहत यदि किसी कमान के दायरे में सबसे बड़ा भौगोलिक क्षेत्र है तो वह वेस्टर्न थियेटर कमान ही है।
शी ने जुलाई में जनरल श्यू क्विलियांग को वेस्टर्न थियेटर कमान का प्रमुख बनाया था। अब उनकी नई भूमिका क्या होगी, इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनसे पहले यह जिम्मेदारी पिछले वर्ष दिसंबर में जनरल झांग श्यूदांग को दी गई थी। जनरल वांग दिसंबर 2019 से अब तक तिब्बत सैन्य जिले के प्रमुख थे।


Download Android App
Download iOS App



