चीन ने शुक्रवार को अमेरिका के इन आरोपों को खारिज कर दिया कि वह कोरोना वायरस के बारे में जानकारी साझा करने में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं अपना रहा है। चीन ने कहा कि वह इस वैश्विक संकट से निपटने के लिये अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ ”खुले और अत्यधिक जिम्मेदार तरीके” से काम कर रहा है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक परिषद के निदेशक लैरी कुडलो ने कहा था कि अमेरिका इस बात को लेकर थोड़ा निराश है उसे चिकित्सा अभियानों के लिये नहीं बुलाया जा रहा है और चीन कोरोना वायरस से निपटने को लेकर पारदर्शिता नहीं अपना रहा।
कुडलो ने कहा, ”हम इस (कोरोनोवायरस) को लेकर डब्ल्यूएचओ के साथ काम करने को तैयार हैं लेकिन वे हमें इसकी अनुमति नहीं देंगे।” उन्होंने वाशिंगटन में कहा, ”मैं नहीं जानता कि उनकी मंशा क्या है। मैं बिल्कुल नहीं जानता। वहां मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।”
स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार कहा कि चीन में नोवेल कोरोना वायरस से 121 और लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 1500 के करीब पहुंच गई है जबकि 65 हजार लोग इससे संक्रमित हैं। इस बीच चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि चीन कोरोना वायरस से निपटने के लिये अंतरराष्ट्रीय समुदाया के साथ खुले, पारदर्शी और अत्यधिक जिम्मेदार तरीके से काम कर रहा है।
उन्होंने कहा, ”चीन वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा और सभी लोगों के स्वास्थ्य की खातिर महामारी से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ एक खुले, पारदर्शी और अत्यधिक जिम्मेदार तरीके से काम कर रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि चीन अमेरिका के साथ सहयोग को लेकर और सक्रियता और खुलापन अपना रहा है।


Download Android App
Download iOS App



