बढ़ते तनाव और विवाद के बीच चीनी सेना ने सीमा रेखा के पास युद्धाभ्यास किया। चीनी सेना पीएलए ने बॉर्डर के आंतरिक हिस्से में टैंकों व हेलीकाप्टरों के साथ अभ्यास किया। चीन के चाइना सेंट्रल टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, पीएलए की 10 यूनिट जिसमें एविएशन यूनिट भी शामिल रही थी, उन्होंने ड्रिल ऑपरेशन में हिस्सा लिया है।
यह ड्रील करने वाली पीएलए की वेस्टर्न थिएटर कमांड ने किया है, जो कि भारत के आस-पास वाले बॉर्डर की जिम्मेदार हैं। चीनी मीडिया में इस तैयारी का एक वीडियो भी चल रहा है जो कि 5 मिनट का है। इस वीडियो में कई टैंक लगातार चल रहे हैं और हेलीकॉप्टर से गोलियां बरसाई जा रही हैं।
गहराता जा रहा है डोकलाम विवाद
उल्लेखनीय है कि डोकलाम को लेकर भारत और चीन के बीच पिछले करीब दो महीनों से तनातनी जारी है। डोकलाम क्षेत्र सिक्किम के पास भारत-चीन-भूटान ट्राइजंक्शन पर स्थित है। यह इलाका भूटान की सीमा में पड़ता है, लेकिन चीन इसे डोंगलोंग प्रांत बताते हुए अपना दावा करता है।
चीन ने इस साल जून में जब डोकलाम के पास सड़क बनाने की कोशिशें शुरू कीं, तो भारतीय सैनिकों ने दखल देते हुए उनका काम रुकवा दिया। दरअसल भूटान के साथ हुए समझौते के तहत भारत अपने इस पड़ोसी मुल्क की संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में उसका दखल देना लाजमी हो जाता है।
वहीं चीन का कहना है कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा है और भारतीय सेना के दखल को ‘अतिक्रमण’ करार दिया है। चीन तब से ही युद्धउन्मादी बयान देते हुए भारत से अपने सैनिक हटाने को कह रहा है। दरअसल चीन जिस जगह के पास सड़क बना रहा है। वह भारत का ‘चिकन नेक’ कहलाने वाले हिस्से के बेहद करीब स्थित है।
उत्तर-पूर्वी राज्यों को देश के बाकी हिस्से से जोडऩे वाला यह इलाका महज 20 किलोमीटर चौड़ा है और सामरिक रूप से भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस जगह के आसपास चीनी गतिविधि भारत की सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है।


Download Android App
Download iOS App



