पाकिस्तान के कराची शहर में बुधवार को मोटरसाइकिल से आये बंदूकधारियों ने कार से जा रहे दो चीनी फैक्टरी श्रमिकों पर गोलियां चलायीं, जिससे उनमें से एक घायल हो गया। एक बचाव अधिकारी एवं पुलिस ने यह जानकारी दी है।
वरिष्ठ अधिकारी जावेद अकबर ने कहा कि इस हमले के पीछे की मंशा तत्काल पता नहीं चल पायी है और पुलिस जांच कर रही है। बचावकर्मी अहमद शाह ने बताया कि दोनों विदेशी चीनी हैं और उनमें एक घायल हो गया। कराची पाकिस्तान के दक्षिण सिंध प्रांत की राजधानी है और वहां चीन की आर्थिक मदद से कई निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं।
कुछ सप्ताह पहले पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में एक कथित आतंकवादी हमले में बस नाले में गिर गयी थी और नौ चीनी एवं चार पाकिस्तानी मारे गये थे। यह बस पाकिस्तानी एवं चीनी श्रमिकों को लेकर जा रही थी। वैसे शुरू में पाकिस्तान ने कहा था कि यह सड़क हादसा था लेकिन बाद में जांचकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि समीप में एक आत्मघाती कार बम हमलावर के समय से पहले विस्फोट कर लेने के बाद बस का ड्राइवर नियंत्रण गंवा बैठा और बस नाले में जा गिरी।


Download Android App
Download iOS App



