ICU से बाहर आए कोरोना संक्रमित ब्रिटिश PM जॉनसन, ट्रम्प ने जताई खुशी

Summary :

इंटेंसिव केयर यूनिट में ले जाने से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री को ऑक्सीजन दिया गया। डाउनिंग स्ट्रीट ने गुरुवार को कहा कि जॉनसन को आज शाम आईसीयू से वापस वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां वह अपने ठीक होने के शुरुआती चरण के दौरान कड़ी निगरानी में रहेंगे।

कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को आईसीयू से बाहर लाया गया है लेकिन  संक्रमण से ग्रस्त होने के चलते उन्हें फिलहाल उपचार के लिए अस्पताल में ही रहना होगा। डाउनिंग स्ट्रीट ने इस बात की जानकारी दी। बता दें कोरोना जांच में जॉनसन संक्रमित पाए गए थे। दस दिन तक लगातार खांसी और बुखार के बाद डॉक्टर की सलाह पर रविवार को उन्हें लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इंटेंसिव केयर यूनिट में ले जाने से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री को ऑक्सीजन दिया गया। डाउनिंग स्ट्रीट ने गुरुवार को कहा कि “जॉनसन को आज शाम आईसीयू से वापस वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां वह अपने ठीक होने के शुरुआती चरण के दौरान कड़ी निगरानी में रहेंगे।” एक प्रवक्ता ने कहा कि “एक रात के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, उनकी ‘शानदार देखभाल’ के लिए नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) को धन्यवाद।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से इस पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को इंटेंसिव केयर यूनिट से बाहर लाया गया है यह एक बेहद अच्छी खबर है।” हेल्थ सेक्रेटरी मैट हैनकॉक ने एक बयान में कहा कि “प्रधानमंत्री आईसीयू से बाहर आ गए हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है यह एक अच्छा खबर है।

नेशनल हेल्थ सर्विस हम सभी के लिए है और मुझे पता है कि हमारे अद्भुत एनएचएस कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री की सबसे बेहतर से बेहतर देखभाल की होगी।” ब्रिटेन में महामारी से अब तक कुल 7,978 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले बुधवार को यहां 881 लोगों की मौत हुई थी। देश में कोविड-19 संक्रमण के अब तक कुल 65,872 मामले सामने आ चुके हैं।

Desk Team