चीनी प्राधिकारियों ने शनिवार को आधिकारिक पुष्टि की कि इस सप्ताह की शुरुआत में चाइना ईस्टर्न 737-800 विमान दुर्घटना में कोई जीवित नहीं बचा है। इस विमान में 132 व्यक्ति सवार थे। चीन के नागरिक विमानन प्रशासन के एक अधिकारी ने देर रात एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। सरकारी मीडिया ने बताया कि जांचकर्ताओं ने डीएनए जांच के जरिये 120 मृतकों की पहचान कर ली है।
गौरतलब है कि चीन का एक यात्री विमान गुआंग्शी क्षेत्र में सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 132 लोग सवार थे। चीन के कुनमिंग शहर से गुआनझो जा रहा ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ का विमान बोईंग 737-800 वुझोउ शहर के एक पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। एक ब्लैक बॉक्स, जिसे अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त यात्री विमान का कॉकपिट रिकॉर्डर माना है, बुधवार को बचाव दल द्वारा बरामद किया गया। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना) के उड्डयन दुर्घटना जांच केंद्र के प्रमुख माओ यानफेंग ने मीडिया को बताया कि ब्लैक बॉक्स ‘‘काफी क्षतिग्रस्त’’ स्थिति में मिला है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार माओ ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि विमान के दोनों ब्लैक बॉक्स जल्द ही मिल जाएंगे और फिर उन्हें पेशेवर प्रयोगशालाओं में भेज दिया जाएगा। लेकिन विमान में सवार दुर्घटना का शिकार हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



