हांगकांग : हांगकांग में मंगलवार को चीन के राष्ट्रीय दिवस समारोह की रौनक फीकी करने के लिए प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किए, जिसमें एक प्रदर्शनकारी को पुलिस ने गोली मार दी।
साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारी को तब गोली लगी जब पुलिस ने होई पा स्ट्रीट के समीप हवा में गोली चलाई।
फेसबुक पर एक व्यक्ति का वीडियो दिख रहा है, जहां उसे जमीन पर गिरते और ‘मेरे सीने में दर्द हो रहा है, मुझे अस्पताल ले चलो’ कहते सुना जा सकता है। उसके दोस्तों के अनुसार, व्यक्ति की प्रिंसेस माग्रेट अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के एक सूत्र ने कहा कि याउ मा तेई में वाटरलू रोड और नाथन रोड के जंक्शन के पास प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वैन पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दो राउंड और गोलियां चलाई।
प्रतिबंधित ‘राष्ट्रीय शोक’ मार्च विक्टोरिया पार्क से सेंट्रल की ओर बढ़ रहा है और ऐसी उम्मीद है कि प्रदर्शनकारी साई यिंग पुन में बीजिंग लाइसन कार्यालय की दिशा में अपना मार्च पूरा करेंगे।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वोग ताई सिन, शा टीन और सुएन वान में आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
इससे पहले दिन में, चीन के राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में हांगकांग सभागार और प्रदर्शनी केंद्र में झंडा फहराने के कार्यक्रम में सरकारी अधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शन के मद्देनजर पूरे शहर में 91 एमटीआर स्टेशन, कई दुकानें और 25 शापिंग मॉल पूरे दिन के लिए बंद हैं।
चीन मंगलवार को पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाईना(पीआरसी) की 70वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस दौरान चीन ने सैन्य पैरेड का आयोजन किया है जो कि देश के इतिहास में सबसे बड़ा है।
तियानमेन चौराहे में आयोजित पैरेड में हांगकांग की मुख्य कार्यकारी कैरी लाम भी शामिल हुई। उल्लेखनीय है कि हांगकांग में लगातार 17 सप्ताह से प्रत्यर्पण बिल के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



