अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पत्नी वेनेसा ट्रंप ने तलाक के लिए न्यूयॉर्क की अदालत में अर्जी दी है। इस जोड़ी ने द न्यूयॉर्क पोस्ट के पेजसिक्स को संयुक्त बयान में बताया, ‘हमने 12 वर्षों की शादी के बाद अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया है।’ उन्होंने बयान में कहा, ‘हम हमेशा एक-दूसरे का और हमारे परिवारों का सम्मान करेंगे।
हमारे पांच खूबसूरत बच्चे हैं और वे हमारी प्राथमिकता रहेंगे। हम आपसे हमारे निजी मामले में दखल नहीं देने का आग्रह करते हैं।’ वेनेसा ट्रंप ने गुरुवार को मैनहैट्टन सर्वोच्च अदालत में तलाक की अर्जी दी थी। वह अपने पांचों बच्चों की कस्टडी और संपत्ति को लेकर पति से किसी तरह का विवाद नहीं चाहती।
पूर्व मॉडल रहीं वेनेसा और ट्रंप जूनियर की नवंबर 2005 में शादी हुई थी। ‘पेजसिक्स’ के अनुसार, यह जोड़ा ट्रंप जूनियर की यात्राओं और विवादित ट्वीट को लेकर घरेलू कलह से जूझ रहा था। ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से ट्रंप जूनियर ही पिता के कारोबार को संभाल रहे हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App


