अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नयी राजनीतिक पार्टी शुरू करने की योजना से इंकार करते हुए कहा है कि वह रिपब्लिकन पार्टी का ही समर्थन करते रहें। डोनाल्ड ट्रंप ने ऑरलैंडो में कंजरवेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ्रेंस (सीपीएसी) 2021 में कहा कि उनकी नयी राजनीतिक पार्टी शुरू करने की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा,‘‘अगले 4 वर्षों तक इस कमरे में मौजूद बहादुर रिपब्लिकन, कट्टरपंथी डेमोक्रेट और फेक न्यूज मीडिया का विरोध करने के केंद्र में रहेंगे.. और मैं चाहता हूं कि आपको पता चले कि मैं आपकी तरफ से लड़ना जारी रखूंगा। हम नयी पार्टी शुरू नहीं करने जा रहे हैं।’’ बता दें कि जनवरी के अंत में अमेरिकी मीडिया ने बताया था कि ट्रंप ने सहयोगियों के साथ ‘पैट्रियट पार्टी’ नामक एक नये राजनीतिक दल के गठन पर चर्चा की।
फॉक्स न्यूज ने बताया कि सीपीएसी के आधे से अधिक प्रतिभागियों ने कहा कि वे 2024 में ट्रंप को वोट देंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने सीपीएसी को बताया कि डेमोक्रेट्स केवल 4 साल तक व्हाइट हाउस में हैं और जरूरत पड़ने पर वह उन्हें तीसरी बार हराने का फैसला कर सकते हैं।
उन्होंने कहा,‘‘रिपब्लिकन पार्टी का भविष्य एक ऐसी पार्टी के रूप में है जो सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक हितों और हर जाति, रंग और पंथ के कामकाजी अमेरिकी परिवारों के मूल्यों का बचाव करती है, इसीलिए पार्टी इतनी तेजी से बढ़ रही है और एक अलग पार्टी के रूप में पहचान बना रही है।’’
ट्रंप ने अपने बाद अमेरिका के राष्ट्रपति बने जो बाइडन की नीतियों की भारी आलोचना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल का पहला महीना आधुनिक इतिहास में किसी भी राष्ट्रपति का सबसे दुर्भाज्ञपूर्ण महीना था। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका में उभरते सीमा संकट की ओर इशारा किया, राष्ट्रपति बाइडन की आव्रजन नीति की आलोचना की और इसे अमेरिका के प्रमुख मूल्यों के साथ विश्वासघात बताया।


Download Android App
Download iOS App



