अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन के हाथों मिली हार के बाद पहली बार अगले सप्ताह सार्वजनिक रूप से नजर आएंगे और वह फ्लोरिडा में ‘कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कांफ्रेंस’ (सीपीएसी) में भाग लेंगे। ‘अमेरिकी कंजर्वेटिव यूनियन’ के प्रवक्ता इयान वाल्टर्स ने पुष्टि की कि ट्रंप 28 फरवरी को समूह के वार्षिक सीपीएसी में भाषण देंगे।
ट्रंप के भाषण संबंधी जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि ऐसी संभावना है कि इस मौके पर ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के भविष्य पर बात करेंगे और उनकी आव्रजन नीतियों को पलटने के प्रयासों के लिए मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन की आलोचना करेंगे।
सीपीएसी फ्लोरिडा के ओरलैंडो में इस साल होगी, जिसमें पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ, फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसांटिस और साउथ डेकोटा की गवर्नर क्रिस्टी नोएम समेत पूर्ववर्ती ट्रंप प्रशासन के कई अधिकारी और रिपब्लिक पार्टी के कई नेता भाग लेंगे। ट्रंप जनवरी में व्हाइट हाउस से जाने के बाद से सार्वजनिक रूप से अधिक सक्रिय नहीं हैं, लेकिन रूढ़ीवादी टीकाकार रश लिम्बघ के निधन के बाद उन्होंने पिछले सप्ताह फोन पर कई साक्षात्कार दिए।


Download Android App
Download iOS App



