बांग्लादेश में तोड़े गए दुर्गा पूजा के पंडाल, बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने PM मोदी से हस्तक्षेप की मांग की

Summary :

बांग्लादेश में कई दुर्गा पूजा के पंडालों में तोड़फोड़ होने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है।पश्चिम बंगाल की सतारूढ़ पार्टी टीएमसी के बाद अब पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले का मुद्दा उठाया है

बांग्लादेश में कई दुर्गा पूजा के पंडालों में तोड़फोड़ होने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है।पश्चिम बंगाल की सतारूढ़ पार्टी टीएमसी के बाद अब पश्चिम बंगाल बीजेपी के  नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी  ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले का मुद्दा उठाया है और पीएम से हस्तक्षेप करने की मांग की है।  पत्र की प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राज्य के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को भी भेजी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकतर हमले कमिला जिले में हुए हैं। साथ ही आपको बता दें कि एक सोशल मीडिया पोस्ट में कथित तौर पर एक पूजा स्थल पर कुरान के अपमान के बाद हिंसा भड़क गई थी।
बता दें कि टीएमसी के नेता और प्रवक्ता कुणाल घोष  ने इस मामले में बांग्लादेश की सरकार से कार्रवाई करने और केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। हाल के दिनों में बांग्लादेश में कट्टरपंथी ताकतों का प्रभाव बढ़ता दिख रहा है. इसके पहले भी कुछ दिन पहले हिंदू मंदिरों और मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ की गई थी। 
किन क्षेत्रओ में हुई हिंसा? 
रिपोर्ट में बताया गया है कि चांदपुर के हाजीगंज, चट्टोग्राम के बंशखली, चपैनवाबगंज के शिबगंज और कॉक्स बाजार के पेकुआ में हुई हिंसा में मंदिरों पर भी हमला किया गया है। कई जगह दुर्गा की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हिंसा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। चांदपुर के एक हॉस्पिटल ने बताया है कि उन्हें तीन लोगों की बॉडी मिली है, जिसे लेकर हॉस्पिटल का मानना है कि हिंसा में ये लोग मारे गए हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक इस बात कि पुष्टि नहीं की है कि ये मौतें हिंसा से जुड़ी हुई हैं या नहीं।
शुभेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग की
शुभेंदु अधिकारी ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा है,” मैं आपका ध्यान बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों में मूर्तियों के साथ हुई तोड़फोड़ की ओर दिलाना चाहता हूं। कट्टरपंथी ताकतें बांग्लादेश में सनातनी समुदाय पर हमला करने को लेकर अभ्यस्त हो गई हैं। दुर्गा पूजा के दौरान जब जुलूस निकल रहा था तो कंट्टरपंथी ताकतों ने दुर्गा पूजा पंडाल और मूर्तियों को तोड़ डाला है। वर्तमान में बांग्लादेश में रहने वाले सनातनी लोगों की स्थिति बहुत ही दयनीय है। बहुत से सनातनी लोग जो बांग्लादेश में हमले और पीड़ा के शिकार हुए हैं। उनमें से बहुत से लोग सीमा पारकर पश्चिम बंगाल में बस गए हैं। वे लोग लगातार बांग्लादेश के पीड़ित सनातनी लोगों के साथ खड़े होने की फरियाद के लिए कर रहे हैं। मैं आग्रह करता हूं कि आप इस बाबत तुरंत और आवश्यक कदम उठाएं, जिससे बांग्लादेश में रह रहे सनातनी लोगों को राहत मिल सके।”

13 अक्टूबर को पूजा पंडालों पर हुआ है हमला
बांग्लादेश हिंदू यूनिटी काउंसिल के ट्वीट में कहा गया है, “13 अक्टूबर 2021, बांग्लादेश के इतिहास में एक निंदनीय दिन था। अष्टमी के दिन मूर्ति विसर्जन के मौके पर कई पूजा मंडपों में तोड़फोड़ की गई। हिंदू अब पूजा मंडपों की रखवाली कर रहे हैं। आज पूरी दुनिया चुप है। मां दुर्गा अपना आशीर्वाद दुनिया के सभी हिंदुओं पर बनाए रखें। कभी माफ न करें।’ परिषद ने ट्वीट में कहा कि बांग्लादेश में अच्छे मुसलमान अभी भी जिंदा हैं इसीलिए हम जिंदा हैं। उन सभी मुसलमानों का धन्यवाद जो हिंदुओं के साथ खड़े रहे। हम इस्लाम का भी सम्मान करते हैं. हम कुरान से भी प्यार करते हैं। इस्लाम कभी इसका समर्थन नहीं करता. हिंदू एकता परिषद ने कहा कि हम बांग्लादेश में अपने मुस्लिम भाइयों के साथ सद्भाव से रहना चाहते हैं।”

Desk Team