अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेरोजगारों को रोजगार प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 23 कंपनियों व पेशेवर संगठनों के साथ एक प्रतिबद्धता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत 38 लाख अमेरिकियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि आने वाले दिनों और महीनों में हमें आशा है कि सैकड़ों कंपनियां और संगठन इस कोशिश में हमारे साथ होंगे।
ट्रंप के साथ इस प्रतिबद्धता पत्र पर हस्ताक्षर करने वाली कंपनियो में फेड-एक्स ने 5,12,000 कर्मियों को प्रशिक्षण देने का वादा किया है। जनरल मोटर्स ने 10,975, माइक्रोसॉफ्ट ने 10,000, होम डिपो ने 50,000, आईबीएम ने 1,00,000 और लॉकहीड मार्टिन ने 8,000 कर्मियों को प्रशिक्षण देने का संकल्प लिया है। अमेरिकी ट्रकिंग एसोसिएशन ने 50,000 लोगों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का वादा किया है। एसोसिएटेड बिल्डर्स और कांट्रैक्टर्स 5,00,000 और नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन 3,70,000 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
कंपनियों के प्रतिनिधि और पेशेवर संगठन संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए व्हाइट हाउस में एकत्र हुए थे। ट्रंप ने काउंसिल फॉर अमेरिकन वर्कर्स बनाने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किया। इसके तहत विद्यार्थियों और कामगारों को अनुकूल समसामयिक और नवाचारी शिक्षा और रोजगार प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



