सोमाली सेना के दो शिविरों में शनिवार को एक ही समय पर हुए विस्फोट में कम से कम नौ सैनिकों की मौत हो गई। सेना ने मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों को भी ‘भारी नुकसान’ पहुंचाया गया है।
इस हमले की जिम्मेदारी कट्टरपंथी समूह अल-शबाब ने ली है।
इस बीच एक अन्य घटना में एक आत्मघाती हमलावर ने राजधानी मोगादीशु में विस्फोट किया जिससे कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
स्थानीय मीडिया से बातचीत में सोमाली नेशनल आर्मी के जनरल ओदावा यूसूफ रागेह ने सेना के दो शिविरों में हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि अल-शबाब को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और वे कुछ मरे अपने कमांडरों का शव भी नहीं ले जा सके। उन्होंने बताया कि सेना भागे हुए हमलावरों का पीछा कर रही है।
सरकार की पैदल सेना के कमांडर जनरल मोहम्मद ताहिल बिहली ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, ‘‘ हमारे नौ सैनिकों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हो गए। हमने शबाब के 60 मिलिशिया को एक स्थान पर जबकि 17 को अन्य शिविर के निकट मार गिराया।’’
वहीं अल-शबाब के प्रवक्ता शेख अब्दुल्लाजीज अल-मुसाब ने कहा कि समूह ने 47 सरकारी सैनिकों को मार गिराया।


Download Android App
Download iOS App


