अमेरिका के पांच पूर्व राष्ट्रपतियों ने दक्षिण अमेरिका और कैरीबिया में तूफान से प्रभावित पीड़ितों के लिए धन जुटाने के मकसद से टेक्सास में एक कंसर्ट में भाग लिया। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश, बिल क्लिंटन, जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश और जिम्मी कार्टर राष्ट्रगान के लिए कल एक साथ मंच पर नजर आए। इसके बाद वे कंसर्ट में पहली पंक्ति में अपनी सीटों पर बैठ गए।
जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश के कार्यालय ने कहा कि तीन डेमोक्रेट और दो रिपब्लिकनों ने तूफान हार्वे, इरमा और मारिया के पीड़ितों के लिए 80,000 दानदाताओं से तीन करोड़ 10 लाख डॉलर की धनराशि जुटाई। ओबामा ने कंसर्ट की शुरुआत में दिखाए गए एक वीडियो संदेश में कहा, पूर्व राष्ट्रपतियों के तौर पर हम अपने अमेरिकी नागरिकों को इससे उबरने में मदद करना चाहते हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंसर्ट में भाग नहीं लिया लेकिन उन्होंने एक वीडियो संदेश में इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे अद्भुत और अहम प्रयास बताया। ट्रंप ने कहा, जैसा कि हमने फिर से खड़ा होना शुरू कर दिया है तो अमेरिका के कुछ बेहतरीन जन सेवक वन अमेरिका अपील को आगे बढ़ा रहे हैं। मेलानिया और मैं आपके शानदार सहयोग के लिए आभार जताते हैं।


Download Android App
Download iOS App



