विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने ब्रिटिश समकक्ष जेम्स क्लेवरली से चर्चा की

Summary :

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष जेम्स क्लेवरली के साथ चर्चा की । दोनों के बीच यह बातचीत ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के दिन हुई ।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष जेम्स क्लेवरली के साथ चर्चा की । दोनों के बीच यह बातचीत ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के दिन हुई ।
सुनक द्वारा मंत्रिमंडल में फेरबदल में क्लेवरली का विदेश मंत्री बना रहना तय माना जा रहा है।
जयशंकर ने अपने ट्वीट में कहा कि उन्होंने अपने ब्रिटिश समकक्ष के साथ चर्चा के दौरान आतंकवाद से मुकाबला, द्विपक्षीय संबंध और यूक्रेन संघर्ष के बारे में चर्चा की ।
उन्होंने कहा, ‘‘ ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली का फोन कॉल आया । आतंकवाद से मुकाबला, द्विपक्षीय संबंध और यूक्रेन संघर्ष के बारे में चर्चा की।’’
वहीं, क्लेवरली ने कहा कि आज भारत के विदेश मंत्री जयशंकर से बात करना काफी अच्छा रहा ।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने रूस-यूक्रेन संकट के बारे में चर्चा की ।’’ उन्होंने कहा कि ब्रिटेन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आज रूस के आरोपों एवं आक्रामक बातों को चुनौती देगा।
ज्ञात हो कि ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर के अपने संबोधन में सुनक ने कहा कि उन्होंने ऐसे समय में कमान संभाली है जब ब्रिटेन गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, साथ ही वह कोविड के बाद की स्थिति और रूस-यूक्रेन संकट से भी निपट रहा है। 

Shera Rajput