पाक विदेश मंत्री के झूठे दावे का पर्दाफाश, AI फोटो से फैलाई गलत जानकारी

Summary :

पाक विदेश मंत्री के झूठे दावे का पर्दाफाश, एआई फोटो से खुलासा

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार का दावा कि ‘द डेली टेलीग्राफ’ ने पाक वायु सेना को ‘आकाश का निर्विवाद राजा’ कहा है, पूरी तरह फर्जी साबित हुआ। यह दावा एआई-जनरेटेड फोटो पर आधारित था, जिसे भारत सरकार के पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया पर गलत साबित किया।

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने न केवल भारत के नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमले किए, बल्कि भारत के खिलाफ सूचना दुष्प्रचार भी चलाया। भारत सरकार लगातार इंटरनेट पर पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे इस दुष्प्रचार की पोल खोल रही है। हाल ही में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार का झूठा दावा भी पकड़ा गया है।

Pak Foreign Minister

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने 15 मई, 2025 को सीनेट में एक बयान में दावा किया कि यूके के अखबार ‘द डेली टेलीग्राफ’ ने पाकिस्तान वायु सेना को ‘आकाश का निर्विवादित राजा’ कहा है। जबकि यह दावा एक एआई-जनरेटेड फोटो पर आधारित था, जिसे भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय ने फैक्ट चेक के माध्यम से सोशल मीडिया पर उजागर किया।

‘पीआईबी फैक्ट चेक’ ने पाक विदेश मंत्री के दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया और बताया कि ‘द डेली टेलीग्राफ’ की जिस हेडलाइन को आधार बनाकर यह दावा किया गया है, वह असल में एक एआई इमेज है, जो असली नहीं है और न ही किसी तरह से सच पर आधारित है। ‘पीआईबी फैक्ट चेक’ ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट में कहा, “सोशल मीडिया पर प्रसारित एक तस्वीर में दावा किया गया है कि यह ब्रिटेन के अखबार ‘द डेली टेलीग्राफ’ के पहले पन्ने की है, जिसमें शीर्षक है: ‘पाकिस्तान वायु सेना: आसमान का निर्विवाद राजा’ दिनांक 10 मई 2025। ”यह दावा झूठा है क्योंकि यह फोटो ही एआई से बनाई गई है। ‘द डेली टेलीग्राफ’ में ऐसा आर्टिकल कभी प्रकाशित ही नहीं हुआ था।”

इस गलत सूचना को पाकिस्तान ने जानबूझकर बढ़ावा दिया, जिससे पाक का डिजिटल धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया। इस फेक फोटो को आधार बनाकर पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने सीनेट में दावा किया था कि ‘टेलीग्राफ’ ने अपने लेख में पाकिस्तान को आकाश का निर्विवाद राजा बताया है। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर देखी गई और भारत सरकार ने इस दावे को खारिज किया। भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के साथ-साथ पाकिस्तान की लगातार झूठी सूचना के खिलाफ भी लड़ाई को मजबूत किया है।

National Dengue Day: डेंगू हो तो घबराएं नहीं, अपनाएं ये आसान उपाय!

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.