Smit Machchhar : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई एक गंभीर हिंसक घटना के दौरान मुसाफिरों की जान बचाने वाले क्रू मेंबर्स को यूएई सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने कैप्टन स्मित मछार और उनकी टीम को देश के प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया है।
यह सम्मान 30 सितंबर को उड़ान ‘FZ1073’ के दौरान हवा में सह-पायलट (Co-pilot) के हमले को नाकाम करने और बेहद सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतारने के लिए दिया गया है। राष्ट्रपति ने क्रू की बहादुरी और पेशेवर रवैये की सराहना की।
को-पायलट की साजिश को क्रू ने किया नाकाम
यह घटना 30 सितंबर की है, जब फ्लाईदुबई का विमान एफजेड1073 (FZ1073) दुबई से इजराइल के तेल अवीव के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में सह-पायलट ने अचानक कैप्टन स्मित मछार पर जानलेवा हमला कर दिया। जांच में बाद में खुलासा हुआ कि सह-पायलट विमान का अपहरण कर तेल अवीव एयरपोर्ट पर हमले की साजिश रच रहा था।
संकट की इस स्थिति में क्रू मेंबर्स ने विमान में सवार एक अन्य पायलट और यात्रियों की मदद से हमलावर सह-पायलट को काबू में किया। इसके बाद कैप्टन और टीम ने प्लेन का कंट्रोल वापस अपने हाथ में लिया और आपातकालीन स्थिति में विमान को सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे की तरफ मोड़कर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
सम्मान समारोह में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में राष्ट्रपति ने क्रू से मुलाकात की। यूएई के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने क्रू मेंबर्स को पदक और सम्मान पत्र सौंपे। क्रू सदस्यों ने इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए राष्ट्रपति का शुक्रिया अदा करते हुए गर्व व्यक्त किया।


Download Android App
Download iOS App



