पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि वर्तमान में जो हालात चल रहे हैं उनमें भारत के साथ कूटनीतिक वार्ता की कोई संभावना नहीं है। एक मीडिया रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह कहा गया।
नयी दिल्ली अपने इस रूख पर कायम है कि ‘वार्ता और आतंकवाद’ साथ-साथ नहीं चल सकते हैं तथा वह इस्लामाबाद से बार-बार यह कहता रहा है कि वह भारत के खिलाफ हमले करने के लिए जिम्मेदार विभिन्न आतंकी समूहों के खिलाफ स्पष्ट कदम उठाए।
डॉन अखबार ने कुरैशी के हवाले से कहा, ‘‘वर्तमान हालात में भारत के साथ पीछे के दरवाजे से या फिर कूटनीतिक वार्ता की कोई संभावना नहीं है…इस वक्त संवाद के लिए परिस्थितियां उचित नहीं हैं।’’ अखबार के मुताबिक कुरैशी अपने गृहनगर मुल्तान में संवाददाताओं से बात कर रहे थे जब उन्होंने ये टिप्पणियां कीं।
पठानकोट वायुसेना अड्डे पर 2016 में पाकिस्तान के आतंकवादी समूहों ने हमला किया था उसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बेहद खराब हो गए। इसके बाद उरी में भारतीय सेना के शिविर पर हमले समेत कई अन्य हमलों के चलते दोनों देशों के बीच संबंध रसातल में चले गए।


Download Android App
Download iOS App


