फ्रांस ने सोमवार को घोषणा की कि वह भारत के लिए 16 बड़े ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्रों सहित अतिरिक्त चिकित्सा आपूर्ति भेजेगा ताकि कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से लड़ने में देश को सहयोग मिल सके। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच टेलीफोन पर हुई वार्ता के कुछ दिनों बाद यह घोषणा फांस के दूतावास ने की।
फ्रांस के राजदूत इमैन्युएल लिनैन ने कहा कि भारत के बगैर वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के खिलाफ जीत नहीं मिल सकती है। फ्रांस दूतावास ने कहा कि महामारी फैलने के बाद फ्रांस ने पहली बार ‘‘सबसे बड़ा सहयोग अभियान’’ चलाया है और यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से मजबूत संबंधों को दर्शाता है। इसने कहा कि दस ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्रों के साथ एक विशेष मालवाहक विमान मध्य जून तक भारत आएगा और इसके बाद एक और विमान आएगा।
बयान में बताया गया कि फ्रांस में बने, अधिक क्षमता वाला प्रत्येक संयत्र प्रति घंटे 24 हजार लीटर जीवन रक्षक गैस का उत्पादन करता है और कई वर्षों तक भारत के 250 बिस्तरों वाले किसी अस्पताल को आत्मनिर्भर बना सकता है। दूतावास ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आग्रह पर फ्रांस भारत को अतिरिक्त सहयोग कर रहा है ताकि दूसरी लहर से मिलकर लड़ा जा सके। कई मालवाहक पोत सामान लेकर आ रहे हैं जिससे अभी तक दिया गया सहयोग दोगुना हो जाएगा।’’


Download Android App
Download iOS App



