कुआलालंपुर : मलेशिया में भारतीय मूल के राजनेता गोबिंद सिंह देव को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। देश के इतिहास में मंत्री के रूप में नियुक्त किए जाने वाले वह अल्पसंख्यक समुदाय के पहले व्यक्ति हैं। गोबिंद सिंह देव (45) को संचार एवं मल्टीमीडिया मंत्री नियुक्त किया गया है। देव पाकतन हरपन गठबंधन के मंत्रिमंडल में शामिल दो भारतवंशियों में से एक हैं। उनके अलावा डेमोक्रेटिक ऐक्शन पार्टी के भारतीय – मूल के सांसद एम कुलासेगरन को मानव संसाधन मंत्री बनाया गया है। देव मलेशियाई संसद में पुचोंग निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद के उन्हें नए मंत्रिमंडल में शामिल किया जिसके बाद कल नेशनल पैलेस में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने शपथ ग्रहण की।देश के पंजाबी समुदाय ने उनकी नियुक्ति का स्वागत किया। ‘बोर्नियो पोस्ट’ ने ‘मिरी इंडियन एसोसिएशन’ के अध्यक्ष , काउंसलर करमबीर सिंह के हवाले से कहा , ‘‘मंत्रिमंडल में पंजाबी समुदाय के एक सदस्य के तौर पर गोबिंद सिंह को देखकर हम खुश हैं। हमारे समुदाय के लिए यह एक गर्व एवं खुशी का अवसर है। उनकी क्षमताओं को पहचान मिलने के अलावा यह मलेशिया में लंबे समय से बसे पंजाबी समुदाय को पहचान मिलना भी है।’’ मलेशिया में सिखों की आबादी करीब 1,00,000 है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



