कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते कहर के बीच गूगल एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसकी सहायता से गूगल मैप्स पर बेड और मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। इस फीचर के जरिए लोग इन चीजों से जुड़ी जानकारी मांग सकते हैं, साथ ही दूसरों से शेयर भी कर सकते हैं। देश में लगातार बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या के बीच यह फीचर महामारी के खिलाफ जंग में काफी काम का साबित हो सकता है।
बता दें कि गूगल मैप्स में हॉस्पिटल और ऑक्सीजन सेंटर्स के फोन नंबर भी दिए रहते हैं। आपको जहां भी बेड या ऑक्सीजन की जानकारी दिखी हो, वहां जाने से पहले गूगल मैप पर मौजूद नंबर के जरिए फोन करके संबंधित सूचना प्राप्त कर सकते हैं। गूगल मैप्स देशभर में 23,000 कोविड टीकाकरण केंद्रों की लोकेशन शेयर करने में भी मदद कर रहा है। यह फीचर अंग्रेजी और आठ अन्य भारतीय भाषाओं में काम करता है।
गूगल की ओर से कहा गया है कि उसकी टीमें प्राथमिकता के साथ 3 चीजों पर काम कर रही है। पहला यह सुनिश्चित करना है कि लोग सबसे फ्रेश और सबसे वेरिफाइड सूचना प्राप्त करें। दूसरा, सुरक्षा एवं टीकाकरण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश को बढ़ावा देना, और तीसरा है प्रभावित समुदायों, स्वास्थ्य अधिकारियों एवं दूसरे संगठनों के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराना।


Download Android App
Download iOS App



