इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बेटों हसन और हुसैन के नाम देश के अधिकारियों ने काली सूची में डाले दिए हैं जिससे उनके पाकिस्तानी पासपोर्ट पर यात्रा करने पर रोक लग गई है। एक अदालत ने लंदन में रहने वाले शरीफ के बेटों को भगोड़ा घोषित किया था क्योंकि वे जुलाई 2017 में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनके पिता तथा उनके खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार के तीन में से किसी भी मामले में पेश नहीं हुए थे।
‘जियो न्यूज’ ने खबर दी कि भ्रष्टाचार रोधी संस्था राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने हसन और हुसैन के नामों को निकास नियंत्रण सूची में डालने का अनुरोध किया और कार्यवाहक कैबिनेट ने फिलहाल इस पर कोई फैसला नहीं किया है।
खबर में कहा गया कि एनएबी ने आव्रजन और पासपोर्ट निदेशालय से भी आग्रह किया जिसके बाद उनके पासपोर्ट पर रोक लगा दी गई और उनके नाम काली सूची में डाल दिये गये। पिछले सप्ताह संघीय जांच एजेंसी ने इंटरपोल से हसन और हुसैन के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी करने की मांग की थी।


Download Android App
Download iOS App



