चीन में कोरोना वायरस तेज गति से फैल रहा है, जिस कारण से देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ा है। कोविड मामलों में एक नए स्पाइक के बीच चीन ने पूर्वोत्तर के शहर चांगचुन में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया था जिसके दो दिन बाद, चीन ने रविवार को एक और शहर शेनझेन को बंद कर दिया है। बता दें कि शेनझेन की आबादी 17 मिलियन से अधिक है, कोरोना वायरस संक्रमण के हालिया उछाल को नियंत्रित करने के लिए चीन ने कड़ी पाबंदियां लगाना शुरू किया है।
चीन में 2 वर्षों में सामने आए सबसे अधिक मामले
कोरोना महामारी के आतंक के कारण हाई-टेक शेन्ज़ेन शहर को सील कर दिया गया है और सोमवार से रविवार तक बस और मेट्रो सेवाएं निलंबित रहेंगी। एक बयान में, शहर के अधिकारियों ने निवासियों से घर से काम करने और केवल दैनिक आवश्यकताओं की खरीदारी के लिए बाहर निकलने का आग्रह किया। चीन में कोरोना वायरस के मामले रविवार को बढ़कर 3,100 से अधिक हो गए, जो दो वर्षों में सबसे अधिक है।
बड़े कोरोना संकट का सामना करने की कगार पर चीन
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्थिति यह है कि चीन वुहान के बाद से अपने सबसे बड़े कोविड -19 संकट के कगार पर है। कहा जाता है कि कोरोना वायरस दुनिया के लगभग सभी हिस्सों में फैलने से पहले दिसंबर 2019 में वुहान में पहली बार फैला था। 24 मिलियन लोगों के साथ चीन के सबसे अधिक आबादी वाले शहर शंघाई में, नवीनतम उछाल में कोविड मामलों की संख्या 15 से बढ़कर 432 हो गई।
अचानक हुई कोरोना मामलों में बढ़ोतरी
प्रशासन ने जनता से कहा कि जब तक आवश्यक न हो, तब तक घर से न निकलें। कोरोना मामलों में हालिया स्पाइक ने अधिकारियों को शंघाई में स्कूलों को बंद करने और कई पूर्वोत्तर शहरों को लॉकडाउन के तहत रखने के लिए मजबूर किया है क्योंकि विभिन्न प्रांत ओमिक्रॉन वेरिएंट से लड़ना जारी रखते हैं। बता दें कि चीन में कोविड संक्रमण उस समय बढ़ रहा है जब अधिकांश देशों के मामलों में गिरावट के बाद पाबंदियां हटाई जा रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



