अबिदजान, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कोटे डी आइवर के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री टेने बिराहिमा ओट्टारा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “कोटे डी आइवर के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री टेने बिराहिमा ओट्टारा से मिलकर खुशी हुई। हमने आपसी भरोसे, क्षमता निर्माण और साझा हितों पर आधारित अपनी बढ़ती रक्षा साझेदारी पर बात की।”
उन्होंने कहा, “हमने रक्षा और आतंकवाद विरोधी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के मौकों पर विचार साझा किए। इसमें ट्रेनिंग, क्षमता निर्माण और दोनों देशों की संस्थाओं के बीच संपर्क बढ़ाना भी शामिल है।”
घाना का सफल दौरा पूरा करने के बाद विदेश मंत्री जयशंकर बुधवार (स्थानीय समय) के मुताबिक कोटे डी आइवर पहुंचे।
यहां उन्होंने कोटे डी आइवर की विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री नियाले काबा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, स्वास्थ्य सेवा और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों समेत कई क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जयशंकर ने कहा कि भारत का लोगों पर केंद्रित सहयोग कोटे डी आइवर की जरूरतों और प्राथमिकताओं के हिसाब से आगे बढ़ेगा। दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर भी बात की।
विदेश मंत्री जयशंकर ने भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के पूर्व प्रतिभागियों से भी बातचीत की।
आईटीईसी विदेश मंत्रालय की ओर से चलाया जाने वाला एक प्रमुख द्विपक्षीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम है। इसके तहत एशिया, अफ्रीका, पूर्वी यूरोप, लैटिन अमेरिका, कैरेबियाई और प्रशांत क्षेत्र के छोटे द्वीपीय देशों समेत 160 से ज्यादा देशों के साथ साझेदारी की जाती है।
इस मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा, “हमने बताया कि भारत की क्षमता निर्माण से जुड़ी पहल हमारे साझेदार देशों की जरूरतों और प्राथमिकताओं के मुताबिक आगे बढ़ रही हैं। ये पहल हमारे समाजों के बीच लोगों के आपसी रिश्तों को भी मजबूत कर रही हैं।”
उन्होंने कोटे डी आइवर के राष्ट्रीय शिक्षा, साक्षरता और तकनीकी शिक्षा मंत्री कोफी एन’गेसन को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। एन’गेसन खुद भी आईटीईसी के पूर्व प्रतिभागी रह चुके हैं। इससे पहले इसी सप्ताह भारत और कोटे डी आइवर ने स्किल डेवलपमेंट, वोकेशनल और टेक्निकल एजुकेशन, ज्ञान साझा करने और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के मौकों पर चर्चा की थी।
यह बातचीत कोटे डी आइवर में भारत के राजदूत रमेश बाबू लक्ष्मणन और वहां के राष्ट्रीय शिक्षा, साक्षरता और तकनीकी शिक्षा मंत्री एन’गुएसन कोफी के बीच हुई बैठक के दौरान हुई।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



