फ्रांस में एयर इंडिया क्रैश के पीड़ितों को सेंट-गेरवाइस मेमोरियल पर दी गई श्रद्धांजलि

Summary :

पेरिस, 24 अगस्त (आईएएनएस)। फ्रांस में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सोमवार को मोंट ब्लांक के निद-डी’एगल में 1950 और 1966 की एयर इंडिया दुर्घटनाओं के पीड़ितों के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस स्मारक के उद्घाटन की सातवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया था। उप मिशन प्रमुख (डीसीएम) ईनम गंभीर ने एयर इंडिया के दो विमान हादसों के पीड़ितों को समर्पित स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। 1966 की दुर्घटना में भारतीय परमाणु कार्यक्रम के जनक और अग्रणी परमाणु वैज्ञानिक होमी जे. भाभा का भी दुखद निधन हो गया था। अपनी यात्रा…

पेरिस, 24 अगस्त (आईएएनएस)। फ्रांस में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सोमवार को मोंट ब्लांक के निद-डी’एगल में 1950 और 1966 की एयर इंडिया दुर्घटनाओं के पीड़ितों के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस स्मारक के उद्घाटन की सातवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया था।

उप मिशन प्रमुख (डीसीएम) ईनम गंभीर ने एयर इंडिया के दो विमान हादसों के पीड़ितों को समर्पित स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। 1966 की दुर्घटना में भारतीय परमाणु कार्यक्रम के जनक और अग्रणी परमाणु वैज्ञानिक होमी जे. भाभा का भी दुखद निधन हो गया था।

अपनी यात्रा के दौरान गंभीर ने सेंट-गेरवै-ले-बैं के मेयर जीन-मार्क पेइलेक्स से भी मुलाकात की और निद-डी’एगल स्थित एयर इंडिया स्मारक की देखभाल के लिए सेंट गेरवै नगर पालिका का आभार व्यक्त किया। दोनों के बीच इस साझा स्मृति स्थल के संरक्षण पर निरंतर सहयोग और भारत-फ्रांस के बीच जन-जन के संबंधों को गहरा करने पर चर्चा हुई।

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “स्मृति समारोह आयोजित करने के लिए मेयर जीन-मार्क पेइलेक्स और सेंट गेरवै नगर पालिका के आभारी हैं। डीसीएम ने ले फाये कब्रिस्तान का भी दौरा किया और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।”

इस स्मारक का डिजिटल उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी ने 23 अगस्त 2019 को अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान किया था।उसी दिन पेरिस में भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह में अपने संबोधन के दौरान, पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया था कि भारत और फ्रांस दुख की घड़ी में भी एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा था, “इसका एक उदाहरण फ्रांस में दो एयर इंडिया विमान हादसों का यह स्मारक भी है। इन हादसों में कई भारतीय यात्रियों की मृत्यु हुई थी। भारत के सबसे महान वैज्ञानिकों में से एक डॉ. होमी जहांगीर भाभा उनमें से एक थे। मैं भारत के उस महान सपूत और इस हादसे में जान गंवाने वाले अन्य भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “इस स्मारक का हर पत्थर एक-दूसरे के प्रति हमारे नागरिकों की संवेदनशीलता का प्रतीक है। हम सेंट-गेरवै के उन गाइडों को सलाम करते हैं जिन्होंने हादसे के बाद विमान के मलबे की खोज में मदद की। मुझे उन गाइडों के परिवारों से संपर्क करने का अवसर मिला। मैं उन गाइडों और उनके परिवार के सदस्यों का आभारी हूं।”

–आईएएनएस

केके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.