भारतीय सेना के अधिकारी इंडोनेशियाई वायु सेना अकादमी पहुंचे, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

Summary :

जकार्ता, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ. अंबेडकर नगर ( मध्य प्रदेश) स्थित आर्मी वॉर कॉलेज के 55वें आर्मी हायर कमांड कोर्स के सदस्यों ने इंडोनेशिया के योग्यकार्ता शहर स्थित इंडोनेशियाई वायु सेना अकादमी (एएयू) का दौरा किया। शुक्रवार को हुए इस दौरे ने दोनों देशों की सेनाओं को प्रशिक्षण से जुड़ी सोच, अनुभव और भविष्य की जरूरतों पर विचार साझा करने का अवसर दिया। साथ ही रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने के नए रास्तों पर भी चर्चा हुई। जकार्ता स्थित भारतीय…

जकार्ता, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ. अंबेडकर नगर ( मध्य प्रदेश) स्थित आर्मी वॉर कॉलेज के 55वें आर्मी हायर कमांड कोर्स के सदस्यों ने इंडोनेशिया के योग्यकार्ता शहर स्थित इंडोनेशियाई वायु सेना अकादमी (एएयू) का दौरा किया।

शुक्रवार को हुए इस दौरे ने दोनों देशों की सेनाओं को प्रशिक्षण से जुड़ी सोच, अनुभव और भविष्य की जरूरतों पर विचार साझा करने का अवसर दिया। साथ ही रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने के नए रास्तों पर भी चर्चा हुई।

जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल को अकादमी के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा उन्हें पूरे परिसर का दौरा भी कराया गया।

इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने प्रशिक्षण व्यवस्था, भविष्य की जरूरतों और अकादमी के आधुनिकीकरण की योजनाओं पर विचार साझा किए। इससे दोनों सेनाओं के बीच सहयोग के नए अवसर सामने आए।

इससे पहले बुधवार को भारतीय सेना के प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशिया के प्रसिद्ध थिंक टैंक ‘इंडो-पैसिफिक स्ट्रैटेजिक इंटेलिजेंस’ के विशेषज्ञों के साथ भी महत्वपूर्ण चर्चा की थी। इस दौरान अधिकारियों को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में इंडोनेशिया की महत्वपूर्ण भूमिका, भारत-इंडोनेशिया के बीच सहयोग की संभावनाओं और ‘इंडोनेशिया एमास 2045’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे तेज विकास कार्यों की जानकारी दी गई।

चर्चा में संगठन के सलाहकार मंडल, निदेशक और विश्लेषक शामिल थे। इनमें मुहम्मद हदियांतो, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) योएधी स्वस्तांतो, रियर एडमिरल (सेवानिवृत्त) सूर्य विरांतो, गौतम आदि कुसुमा और डॉ. फौज‍िया शामिल थे।

भारतीय दूतावास ने कहा कि इस बातचीत से भारतीय अधिकारियों को तथ्यों और विश्लेषण पर आधारित महत्वपूर्ण दृष्टिकोण मिले। साथ ही, दोनों देशों के बीच भविष्य में रक्षा सहयोग बढ़ाने के नए क्षेत्रों की पहचान करने में भी मदद मिली।

55वें आर्मी हायर कमांड कोर्स के अधिकारियों ने जकार्ता स्थित इंडोनेशियाई राष्ट्रीय सशस्त्र बलों के अंतरराष्ट्रीय सहयोग केंद्र (टीएनआई-आईसीसी) का भी दौरा किया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और इंडोनेशिया के बीच सैन्य स्तर पर सहयोग को और मजबूत बनाना था। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत टीएनआई-आईसीसी के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल टीएनआई पेरी संधी सितोम्पुल और इंडोनेशियाई सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

इस दौरान भारतीय अधिकारियों को इंडोनेशिया की राष्ट्रीय रक्षा और सुरक्षा रणनीति के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, देश निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और राष्ट्रीय विकास में इंडोनेशियाई सेना की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच एक उपयोगी बातचीत हुई, जिसमें मौजूदा रक्षा सहयोग तंत्र और भविष्य में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

–आईएएनएस

एवाई/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.