न्यूयॉर्क के बाद एलए में भी भारतीय मूल की मेयर, नित्या रमन लेंगी शपथ

Summary :

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतवंशी नित्या रमन अगले महीने लॉस एंजिल्स की मेयर के रूप में पदभार संभालेंगी। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों की कमान भारतीय मूल के अमेरिकियों के हाथों में होगी। वह न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी के साथ मिलकर अमेरिकी स्थानीय प्रशासन में भारतीय प्रवासियों की मौजूदगी का एक अहम पड़ाव तय करेंगी। न्यूयॉर्क में 86 लाख (8.6 मिलियन) और लॉस एंजिल्स में 39 लाख (3.9 मिलियन) को मिलाकर इन शहरों में कुल 1.25 करोड़ (12.5 मिलियन) लोग रहते हैं। ममदानी ने 1 जनवरी को अपना पद संभाला था। रमन…

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतवंशी नित्या रमन अगले महीने लॉस एंजिल्स की मेयर के रूप में पदभार संभालेंगी। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों की कमान भारतीय मूल के अमेरिकियों के हाथों में होगी। वह न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी के साथ मिलकर अमेरिकी स्थानीय प्रशासन में भारतीय प्रवासियों की मौजूदगी का एक अहम पड़ाव तय करेंगी।

न्यूयॉर्क में 86 लाख (8.6 मिलियन) और लॉस एंजिल्स में 39 लाख (3.9 मिलियन) को मिलाकर इन शहरों में कुल 1.25 करोड़ (12.5 मिलियन) लोग रहते हैं।

ममदानी ने 1 जनवरी को अपना पद संभाला था। रमन अभी ‘मेयर-इलेक्ट’ (चुनी गई मेयर) हैं और उनका कार्यकाल 14 दिसंबर से शुरू होगा। सत्ता हस्तांतरण (ट्रांजिशन) होने तक कैरेन बास लॉस एंजिल्स की मेयर बनी रहेंगी।

रमन का जन्म केरल में हुआ था और वह 6 साल की उम्र में अमेरिका आ गई थीं। ममदानी का जन्म युगांडा के कंपाला में हुआ था; उनकी मां फिल्म निर्माता मीरा नायर और पिता शिक्षाविद महमूद ममदानी हैं। वह भारतीय मूल के हैं, लेकिन उनका जन्म भारत में नहीं हुआ था।

मेयर्स के रिकॉर्ड और जीवनियों को देखने से पता चलता है कि इस समुदाय का प्रतिनिधित्व केवल इन दो तटीय शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राज्यों की राजधानियां, औद्योगिक शहर और उपनगरीय कस्बे भी शामिल हैं।

ओहियो के सिनसिनाटी में, आफताब प्योरवाल अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। 2021 में पहली बार चुने जाने पर, वह शहर के पहले एशियाई-अमेरिकी मेयर बने थे। उनका मौजूदा कार्यकाल जनवरी 2030 तक चलेगा।

वर्जीनिया के रिचमंड में, हैदराबाद में जन्मे डैनी अवुला नेतृत्व कर रहे हैं, जो 1979 में अपने माता-पिता के साथ अमेरिका आ गए थे। पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) और पूर्व जन-स्वास्थ्य अधिकारी रहे अवुला ने 1 जनवरी 2025 को राज्य की राजधानी के 81वें मेयर के रूप में पदभार संभाला।

कैलिफोर्निया के बे एरिया में, दिसंबर 2024 में राज सलवान फ्रेमोंट के पहले भारतीय-अमेरिकी निर्वाचित मेयर बने।

न्यू जर्सी में भारतीय मूल के कई मेयर हैं, जिनमें एडिसन के समीप जोशी, पारसिप्पनी-ट्रॉय हिल्स के पुलकित देसाई, वेस्ट विंडसर के हेमंत मराठे और मोंटगोमरी की नीना सिंह शामिल हैं।

इन लोगों की पृष्ठभूमि अलग-अलग पेशों और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्रों से जुड़ी है। भारत में जन्मे और अमेरिका में पले-बढ़े देसाई, अमेरिकी मरीन कॉर्प्स में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सिंह ने जनवरी में मोंटगोमरी की मेयर के रूप में अपना तीसरा कार्यकाल शुरू किया।

अन्य भारतीय-अमेरिकी मेयरों में कनेक्टिकट के नॉर्विच से स्वर्णजीत सिंह और इलिनोइस के मोलिन से संगीता रायपति शामिल हैं। टेक्सास में, मिहिर ‘मार्क’ पंकज पेरिस शहर के मेयर हैं, जबकि साजी पी. जॉर्ज सनीवेल का नेतृत्व करते हैं। यह सनीवेल डलास काउंटी का एक शहर है, जो कैलिफोर्निया के इसी नाम वाले शहर से अलग है।

भारतीय मूल के कुछ पूर्व मेयरों में वाशिंगटन के बुरियन से अरुण झावेरी, न्यू जर्सी के फ्रैंकलिन टाउनशिप से उपेंद्र चिवुकुला और एरिजोना के ओरो वैली से सतीश हिरेमठ शामिल हैं।

छोटी नगरपालिकाओं में महिलाओं ने भी पहले ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी थी। केरल में जन्मी विनी सैमुअल को 2015 में वाशिंगटन के मोंटेसानो का मेयर चुना गया था और वह 2023 तक इस पद पर रही थीं।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.