अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को ईरान ने बताया आतंकवादी संगठन

Summary :

तेहरान, 11 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकी संगठन घोषि‍त करने के जवाब में ईरान ने भी अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को आतंकवादी संगठन घोषित कर द‍िया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यह फैसला अर्जेंटीना सरकार की ओर से मार्च के अंत में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के जवाब में लिया गया है। अपने बयान में ईरान ने अर्जेंटीना के फैसले को ‘शत्रुतापूर्ण’ और ‘अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ’ बताया। मंत्रालय ने कहा कि उसका यह कदम…

तेहरान, 11 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकी संगठन घोषि‍त करने के जवाब में ईरान ने भी अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को आतंकवादी संगठन घोषित कर द‍िया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यह फैसला अर्जेंटीना सरकार की ओर से मार्च के अंत में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के जवाब में लिया गया है।

अपने बयान में ईरान ने अर्जेंटीना के फैसले को ‘शत्रुतापूर्ण’ और ‘अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ’ बताया।

मंत्रालय ने कहा कि उसका यह कदम ‘पारस्परिक कार्रवाई’ के सिद्धांत पर आधारित है। साथ ही, यह उस घरेलू कानून के तहत उठाया गया है, जो अमेरिका की ओर से आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित करने के जवाब में बनाया गया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह कानून उन देशों के खिलाफ समान जवाबी कदम उठाने की अनुमति देता है, जो वॉशिंगटन की ईरान-विरोधी नीतियों का समर्थन करते हैं या उनका पालन करते हैं।

ईरान ने कहा कि इस फैसले के परिणामों की पूरी जिम्मेदारी अर्जेंटीना सरकार की होगी। मंत्रालय ने कहा कि आईआरजीसी, ईरान की सशस्त्र सेनाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

गौरतलब है कि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के कार्यालय ने 31 मार्च को घोषणा की थी कि देश ने आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है।

यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से सहयोगी देशों से आईआरजीसी और हिज्‍बुल्लाह को आतंकवादी संगठन घोषित करने की अपील के बाद सामने आया था।

अर्जेंटीना सरकार का कहना है कि यह कदम आईआरजीसी की ओर से हिज्‍बुल्लाह को दिए गए समर्थन के कारण उठाया गया। ब्यूनस आयर्स का आरोप है कि हिज्‍बुल्लाह 1994 में राजधानी स्थित एएमआईए यहूदी सामुदायिक केंद्र पर हुए बम धमाके के लिए जिम्मेदार था। इस हमले में 85 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।

इस महीने की शुरुआत में ईरान के विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन की रॉयल नेवी, रॉयल एयर फोर्स और सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस को भी ‘आतंकवादी और शत्रुतापूर्ण’ संस्थाएं घोषित किया था। ईरान ने यह कदम ब्रिटिश सरकार की कथित ईरान-विरोधी कार्रवाइयों के जवाब में उठाया था।

इस बीच, कतर ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में कुछ प्रगति हुई है। कतर ने बताया कि हाल ही में व्हाइट हाउस में हुई वार्ताओं को सकारात्मक माना गया है, जिनमें कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी शामिल थे।

हालांकि, कतर ने यह भी कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि दोनों देशों के बीच किसी समझौते तक कब पहुंचा जा सकेगा।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.