इस्लामाबाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में वर्ष 2026 में एमपॉक्स का पहला मामला सामने आया है। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को अस्पताल सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।
विदेश से लौटे 31 वर्षीय व्यक्ति को कराची हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध लक्षणों के कारण चिन्हित किया गया। उसे तुरंत सिंध संक्रामक रोग अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच की गई।
पाकिस्तान के प्रमुख अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार, अस्पताल में जांच के बाद युवक को एमपॉक्स की पुष्टि हुई। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वाहिद राजपूत ने बताया कि मरीज की हालत में सुधार होने पर उसे दो दिनों के भीतर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इससे पहले 7 फरवरी को पाकिस्तान में एमपॉक्स से संबंधित दूसरी मौत दर्ज की गई थी। मृतक 53 वर्षीय व्यक्ति एचआईवी और हेपेटाइटिस बी और सी से भी पीड़ित था। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया आउटलेट जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल और स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मरीज के शरीर और जननांगों पर घाव थे। सात फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जो पाकिस्तान में अब तक एमपॉक्स से जुड़ी दूसरी मौत है।
अधिकारियों के अनुसार, मरीज की हाल-फिलहाल में विदेश यात्रा की कोई हिस्ट्री नहीं थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि पाकिस्तान में एमपॉक्स का स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैल रहा है। इस मामले ने जन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच चिंता पैदा कर दी कि यह वायरस पाकिस्तान में फैल रहा है, और इसके कम्युनिटी में फैलने के स्पष्ट सबूत मिल रहे हैं।
पाकिस्तान में एमपॉक्स से पहली मौत दिसंबर 2023 में इस्लामाबाद में दर्ज की गई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों के लिए यह बीमारी अधिक खतरनाक हो सकती है।
संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, 2025 में पाकिस्तान में एमपॉक्स के 53 पुष्ट मामले सामने आए थे, जिनमें से अधिकांश हवाई अड्डों और अस्पतालों में जांच के दौरान पाए गए।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App

