अबू धाबी, 11 नवंबर (आईएएनएस)। रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच अबू धाबी में चल रही त्रिपक्षीय वार्ता बुधवार को समाप्त हो गई। इस दौरान कुछ मुद्दों पर सहमति बनी। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की ने बताया कि रूस और यूक्रेन बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली पर सहमत हुए हैं।
यूक्रेन संकट पर वार्ता कर रहे व्लादिमिर मेडिंस्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कैदियों की अदला-बदली से जुड़ी पूरी जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, मेडिंस्की ने कहा कि वार्ता में मानवीय मुद्दों पर चर्चा हुई और अमेरिका की मध्यस्थता में हुई इन बैठकों में यूरोप की भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था एक प्रमुख विषय रही। उन्होंने बताया कि कुछ मुद्दों पर पक्षों के बीच समझ बनी है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
मेडिंस्की ने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद की सुरक्षा व्यवस्था पर अभी से चर्चा करना जरूरी है, क्योंकि यूक्रेन संघर्ष ने यूरोप की मौजूदा सुरक्षा प्रणाली की कई कमजोरियों को उजागर किया है। उन्होंने सभी देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक निष्पक्ष और संतुलित सुरक्षा ढांचा तैयार करने की वकालत की।
वहीं, अमेरिकी वार्ता दल के सदस्य जेरेड कुशनर ने पत्रकारों से कहा कि कैदियों की अदला-बदली का समझौता बातचीत की सकारात्मक उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने बताया कि कैदियों की अंतिम संख्या गुरुवार को तय की जाएगी। कुशनर ने कहा कि वह और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकोफ यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत आगे की बातचीत के लिए मॉस्को जाने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन युद्ध समाप्त करने को लेकर अमेरिका की मांगों पर सहमत होते हैं, तो दोनों अधिकारी मॉस्को में आगे प्रगति की कोशिश करेंगे। इसके बाद वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी मुलाकात करेंगे।
कुशनर ने कहा कि रूस की अपनी सुरक्षा चिंताएं हैं और उससे तनाव कम करने के लिए सुझाव देने को कहा गया है। उनके मुताबिक, नाटो और यूरोपीय देशों को भी बातचीत की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अबू धाबी में हुई चर्चाओं में यूरोपीय प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया था। दो दिनों तक चली यह नवीनतम त्रिपक्षीय वार्ता फरवरी के बाद पहली ऐसी बैठक थी, जिसमें रूस, अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठे।
–आईएएनएस
एवाई/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



