दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान ने उत्तर कोरिया के हालिया मिसाइल प्रक्षेपणों पर चर्चा की

Summary :

सोल, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के वरिष्ठ राजनयिकों ने शुक्रवार को फोन पर बातचीत की। सोल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान उन्होंने उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के बारे में जानकारी साझा की और इस पर क्या प्रतिक्रिया दी जाए, इस पर चर्चा की। दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार, गुरुवार को उत्तर कोरिया ने वोंसान इलाके से ईस्ट सी (पूर्वी सागर) की ओर लगभग 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया…

सोल, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के वरिष्ठ राजनयिकों ने शुक्रवार को फोन पर बातचीत की। सोल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान उन्होंने उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के बारे में जानकारी साझा की और इस पर क्या प्रतिक्रिया दी जाए, इस पर चर्चा की।

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार, गुरुवार को उत्तर कोरिया ने वोंसान इलाके से ईस्ट सी (पूर्वी सागर) की ओर लगभग 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि पिछले दिन हथियारों के प्रदर्शन के दौरान उसने 600 मिलीमीटर वाले मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर, टैक्टिकल क्रूज मिसाइलें और हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें दागीं।

मंत्रालय ने बताया कि सोल के विदेश मंत्रालय में कोरियाई प्रायद्वीप नीति के महानिदेशक बेक योंग-जिन ने अमेरिकी विदेश विभाग में पूर्वोत्तर एशिया के लिए उप सहायक सचिव डेविड विलेजोल और जापान के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ताकाशी अरियोशी के साथ बातचीत की।

मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “तीनों अधिकारियों ने जरूरी जानकारी साझा की और भविष्य की प्रतिक्रियाओं पर चर्चा की।”

इसमें आगे कहा गया, “जब भी उत्तर कोरिया बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च करता है, तो तीनों देशों के विदेश मामलों के अधिकारी जानकारी और आकलन को तुरंत साझा करने के लिए एक चैनल का इस्तेमाल करते हैं।”

उत्तर कोरिया का यह ताजा मिसाइल परीक्षण सोल द्वारा प्योंगयांग को सैन्य वार्ता का प्रस्ताव देने के एक हफ्ते बाद हुआ है। इस वार्ता का उद्देश्य सीमा निर्धारण को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेदों को सुलझाना है।

पिछले महीने ‘डिमिलिटराइज्ड जोन’ (डीएमजेड) के अंदर हुए एक लैंडमाइन विस्फोट में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे, जिसके बाद से दोनों देशों की सीमा पर तनाव बढ़ गया है।

गुरुवार को फिलीपींस में रक्षा मंत्रियों की एक क्षेत्रीय बैठक में हिस्सा लेते हुए दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री कांग शिन-चुल ने उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि ये मिसाइलें कोरियाई प्रायद्वीप और पूरे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।

‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ (एडीएमएम-प्लस) के एक सत्र के दौरान कांग ने कहा, “इस समय उत्तर कोरिया कई मिसाइलें दागकर कोरियाई प्रायद्वीप और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहा है।”

सैन्य सीमा रेखा (एमडीएल) के दक्षिण में उत्तर कोरिया द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों (माइंस) के कारण हाल ही में हुए विस्फोट पर कांग ने कहा कि यह घटना 1950-53 के कोरियाई युद्ध को रोकने वाले ‘युद्धविराम समझौते’ का ‘स्पष्ट उल्लंघन’ है और यह एक ‘उकसावे’ की कार्रवाई है।

कांग ने दोनों कोरियाई देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू करने का आह्वान करते हुए कहा, “जब बातचीत के रास्ते बंद हों, तो विरोधी के इरादों को समझना मुश्किल हो जाता है। आपसी अविश्वास और तनाव आगे चलकर और अधिक टकराव और संकट का कारण बन सकते हैं।”

–आईएएनएस

ओपी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.