वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को उनके खिलाफ चलाए जा रहे महाभियोग प्रयासों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि ईरान, वेनेजुएला और ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कानूनी आदेशों के तहत चलाए गए थे।
पेंटागन में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान हेगसेथ ने कहा कि महाभियोग की यह कोशिश एक ऐसे सांसद की व्यक्तिगत नाराजगी का नतीजा है, जो राजनीतिक रूप से हार चुका है।
उन्होंने कहा, “एक नाराज और चुनाव हार चुके सांसद जो कर रहे हैं, वह न तो निगरानी है और न ही जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया। यह सिर्फ एक तमाशा और राजनीतिक स्टंट है और हर कोई यह जानता है।”
हेगसेथ का कहना था कि केवल सैन्य नीतियों पर मतभेद होना महाभियोग का आधार नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी भी रक्षा मंत्री पर सिर्फ इसलिए महाभियोग नहीं चलाया गया, क्योंकि उसने कानूनी रूप से सैन्य अभियान चलाए हों। उन्होंने कहा कि अगर किसी नीति से असहमति है तो उसका सही तरीका कानून बनाना, बहस करना या अगले राष्ट्रपति चुनाव का इंतजार करना है।
हेगसेथ ने राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ पहले चल चुके दो महाभियोग मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप के विरोधी उन्हें पद से हटाने में सफल नहीं हुए थे। उनके अनुसार, मौजूदा प्रयास से अमेरिका के विरोधी देशों को यह संदेश जा सकता है कि आदेशों का पालन करने वाले सैन्य अधिकारियों को भी सजा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि ईरान, यमन में सक्रिय सशस्त्र समूहों और कथित ड्रग तस्करों के खिलाफ अभियान सैन्य कमान की निर्धारित प्रक्रिया के तहत चलाए गए थे। साथ ही कांग्रेस को भी इसकी जानकारी दी गई थी।
हेगसेथ ने कहा, “इन महाभियोग प्रस्तावों में जिन अभियानों का जिक्र है, चाहे वह ईरान हो, ड्रग कार्टेल्स हों, मादुरो का मामला हो या यमन, सभी अभियान राष्ट्रपति के आदेश पर चलाए गए कानूनी सैन्य अभियान थे। मैंने भी उन्हें मंजूरी दी, कांग्रेस को सूचित किया गया और अमेरिकी सैनिकों ने अपना कर्तव्य निभाया।”
उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी सेना ने जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाया। हेगसेथ ने कहा कि ऐसे आरोप उन सैनिकों का अपमान हैं जिन्होंने इन अभियानों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा कोई अपराध नहीं थी। वे नायक हैं और जब तक मैं इस पद पर हूं, वॉशिंगटन का कोई राजनेता उन्हें कुछ और नहीं कहेगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह महाभियोग रोकने के लिए कांग्रेस सदस्यों से समर्थन जुटा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि उनकी विधायी मामलों की टीम रिपब्लिकन नेताओं, जिनमें प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन और हाउस मेजोरिटी व्हिप टॉम एमर शामिल हैं, के साथ लगातार संपर्क में है।
हेगसेथ ने दावा किया कि उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है और कई सांसद इन महाभियोग प्रस्तावों को कमजोर मानते हैं। उन्होंने कहा, “हमने कई सांसदों से बात की है और हमें काफी समर्थन मिल रहा है।”
उन्होंने बताया कि रक्षा विभाग डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों से भी संपर्क बनाए हुए है। उनके अनुसार, रक्षा विभाग के अधिकारी नियमित रूप से सांसदों को जानकारी देते रहते हैं, खासकर ऐसे समय में जब पेंटागन अतिरिक्त फंडिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम कर रहा है।
अगली कांग्रेस को लेकर उठे सवालों पर हेगसेथ ने कहा कि अगर डेमोक्रेटिक नेता उनके खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया आगे बढ़ाते हैं, तो वह राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा रिकॉर्ड और प्रशासन द्वारा चलाए गए सैन्य अभियानों पर खुली बहस का स्वागत करेंगे।
अमेरिकी संविधान के अनुसार, हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के पास संघीय अधिकारियों के खिलाफ महाभियोग लाने का अधिकार है, जबकि सीनेट ऐसे मामलों की सुनवाई करती है। हालांकि केवल प्रतिनिधि सभा में महाभियोग पारित हो जाने से किसी अधिकारी को तुरंत पद से नहीं हटाया जा सकता।
इसके अलावा, कांग्रेस के पास सैन्य अभियानों की निगरानी और सरकारी खर्चों को नियंत्रित करने का भी अधिकार होता है। इसी वजह से कई बार सैन्य कार्रवाई, रक्षा प्राथमिकताओं और सेना को मिलने वाले संसाधनों को लेकर कार्यपालिका और कांग्रेस के बीच मतभेद देखने को मिलते हैं।
–आईएएनएस
एवाई/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



