वेनेजुएला ने अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ राष्ट्रीय रैली निकालकर किया प्रदर्शन

Summary :

काराकास, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। वेनेजुएला में अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी लामबंदी जारी है, जिसमें नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने राजनीतिक और सामाजिक एकता का आह्वान करते हुए एक रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रतिबंधों को खत्म करना होगा। जॉर्ज रोड्रिगेज ने सैन फेलिक्स के सेरो एल गैलो में कहा कि इस अभियान का मकसद आम सहमति बनाना और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव डालना है। उन्होंने वेनेज़ुएला के लोगों से अपील की कि वे अपने मतभेद भुलाकर साझा हितों पर ध्यान दें। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह लामबंदी 19…

काराकास, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। वेनेजुएला में अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी लामबंदी जारी है, जिसमें नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने राजनीतिक और सामाजिक एकता का आह्वान करते हुए एक रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रतिबंधों को खत्म करना होगा।

जॉर्ज रोड्रिगेज ने सैन फेलिक्स के सेरो एल गैलो में कहा कि इस अभियान का मकसद आम सहमति बनाना और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव डालना है। उन्होंने वेनेज़ुएला के लोगों से अपील की कि वे अपने मतभेद भुलाकर साझा हितों पर ध्यान दें।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह लामबंदी 19 अप्रैल को कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की ओर से शुरू की गई एक राष्ट्रीय रैली का हिस्सा है, जिसके तहत जुलिया, ताचिरा और अमेजोनस सहित कई राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

जुलिया राज्य में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में, डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि वेनेजुएला को अमेरिका के प्रतिबंधों से पार पाना होगा; उन्होंने आगे कहा कि लगभग एक दशक से चले आ रहे आर्थिक प्रतिबंधों के दौरान पैदा हुए लाखों बच्चों को बुनियादी सामाजिक और आर्थिक सुविधाओं तक सीमित पहुंच का सामना करना पड़ा है।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान में पूरे देश भर में मार्च और सार्वजनिक कार्यक्रम शामिल हैं, और इसका समापन एक मई को काराकास में होना निर्धारित है। पिछले महीने, संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज पर लगे प्रतिबंध हटा दिए।

अमेरिकी ट्रेजरी के ‘ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल’ ने कहा कि रोड्रिगेज को उसकी प्रतिबंध सूची से हटा दिया गया है, हालाँकि उसने इस फैसले के बारे में और कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने इस अमेरिका के इस कदम का स्वागत किया था। उन्होंने इसे द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया था। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि आर्थिक विकास और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वेनेज़ुएला पर लगे अतिरिक्त प्रतिबंध भी हटाए जा सकते हैं।

रोड्रिगेज इससे पहले राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के कार्यकाल में उपराष्ट्रपति के पद पर रह चुकी हैं; वर्ष 2018 में, मादुरो की सरकार के सदस्यों को निशाना बनाने के उद्देश्य से अमेरिका की ओर से उठाए गए कदमों के तहत उन पर भी प्रतिबंध लगा दिए गए थे।

अमेरिकी सैन्य बलों ने 3 जनवरी को, वेनेजुएला के खिलाफ एक बड़े पैमाने का अभियान शुरू किया था, जिसके तहत उन्होंने मादुरो और उनकी पत्नी को जबरन हिरासत में ले लिया और फिर उन्हें न्यूयॉर्क ले गए। इसके बाद रोड्रिगेज ने कार्यवाहक राष्ट्रपति का पदभार संभाला, और तब से वाशिंगटन उनके प्रशासन के साथ संपर्क बनाए हुए है।

अमेरिका और वेनेज़ुएला के संबंधों में लंबे समय से तनाव बना हुआ है। हाल के महीनों में, संयुक्त राज्य अमेरिका ने कुछ प्रतिबंधों में ढील दी है, विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में। वेनेज़ुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े प्रमाणित तेल भंडार में से कुछ मौजूद हैं और वह वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

काराकास स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को सात वर्षों तक बंद रहने के बाद फिर से अपना कामकाज शुरू कर दिया।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.