पाकिस्तान में कराची प्रांत से करीब 215 किलोमीटर दूर मटियारी जिले में एक हिंदू लड़की को स्थानीय पुलिस की देखरेख में शादी के मंडप से हमलावरों ने अगवा कर लिया। रिपोर्ट के अनुसार भारती बाई (24) को इसके बाद जबरन इस्लाम कबूल करवाकर मुस्लिम व्यक्ति से उसकी शादी करा दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक भारती की शादी हाला शहर में एक हिंदू व्यक्ति से होने वाले थी लेकिन इसी बीच कुछ हमलावरों ने मंडप में पहुंचकर उसे अगवा कर लिया। भारती के पिता किशोर दास ने कहा कि उनकी बेटी का शादी समारोह चल रहा था तभी शाहरुख गुल नामक हमलावार कुछ व्यक्तियों के साथ वहां पुलिस कर्मियों को लेकर आया और उनकी बेटी को दिनदहाड़ अगवा कर लिया।
बाद में, भारती का इस्लाम कबूलने का दस्तावेज और शाहरुख के साथ शादी करने की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। भारती का मंडप से अगवा किए जाने का एक कारण यह भी हो सकता है कि दस्तावेजों के मुताबिक भारती ने एक दिसंबर 2019 को ही इस्लाम कबूल कर लिया था। सर्टिफिकेट के मुताबिक भारती ने इस्लाम कबूलने के बाद अपना नाम ‘बुशरा’ रख लिया।
कराची स्थित जमात उल उलूम इस्लामिया ने भारती के धर्म परिवर्तन का एक सर्टिफिकेट भी जारी किया है। एक ओर जहां भारती के परिवार ने अपनी बेटी की वापसी की मांग की है वहीं यह भी कहा जा रहा कि भारती ने इस घटना से एक महीना पहले इस्लाम कबूल लिया था। इस घटना ने इमरान खान की सरकार के अल्पसंख्यकों को बचाने के दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



