पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कोविड-19 महामारी का मुकाबला करने और पोलियो उन्मूलन के साझा उद्देश्यों पर एक साथ काम जारी रखने पर सहमति व्यक्त की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को जारी प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया है कि खान ने दिन में गेट्स के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और पाकिस्तान में कोविड-19 की स्थिति और पोलियो उन्मूलन के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। खान ने स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर महामारी के घातक प्रभावों को नियंत्रित और कम करने के लिए पाकिस्तान की नीति भी साझा की।
प्रधानमंत्री ने नए पुष्टि मामलों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के बीच दूसरी लहर का मुकाबला करने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने हालांकि माना कि मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कार्यान्वयन इस बार अधिक चुनौतीपूर्ण है। पाकिस्तान में बुधवार को 2,963 नए कोविड-19 मामले सामने आए, जबकि संक्रमण की वजह से 60 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसके बाद पाकिस्तान में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 426,142 हो गई है, जबकि इसकी वजह से 8,547 लोगों की जान गई है।
खान ने गेट्स फाउंडेशन के एक कार्यक्रम के निरंतर समर्थन को स्वीकार किया, जो स्वास्थ्य, पोषण और वित्तीय समावेशन में अपनी विशेषज्ञता से पाकिस्तान की आबादी के सबसे कमजोर क्षेत्रों को लाभान्वित करने में मदद करेगा।
पाकिस्तान के नियोजन और विकास मंत्री असद उमर ने बुधवार को कहा कि खान की ओर से नवीनतम स्थिति की समीक्षा करने और आवश्यक निर्णय लेने के लिए गुरुवार को कोविड-19 पर राष्ट्रीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता किए जाने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



