दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इस बीच कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अधनोम घेब्रसेयस ने कहा है कि लगभग 100 देशों में अधिक संक्रामक डेल्टा स्वरूप की पहचान की गई है और इसे देखते हुए दुनिया कोविड-19 महामारी के ‘‘बहुत खतरनाक दौर’’ में है।
उन्होंने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि डेल्टा स्वरूप विकसित और परिवर्तित हो रहा है और यह कई देशों में कोविड-19 का प्रमुख वायरस बन रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले ही दुनियाभर के नेताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि अगले साल इस समय तक, हर देश में 70 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण कर लिया जाए।’’
उन्होंने कहा कि टीके की तीन अरब खुराक पहले ही वितरित की जा चुकी हैं और ‘‘यह कुछ देशों की सामूहिक शक्ति के भीतर है कि वे कदम बढ़ाएं और सुनिश्चित करें कि टीके साझा किए जाते रहे।’’ विश्व स्तर पर दी जाने वाली टीके की खुराक में से दो प्रतिशत से भी कम गरीब देशों में हैं। हालांकि ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस और कनाडा सहित अमीर देशों ने कोविड-19 के एक अरब टीके दान करने का संकल्प लिया है। डब्ल्यूएचओ का अनुमान है कि दुनिया को टीकाकरण के लिए 11 अरब खुराकों की आवश्यकता है।


Download Android App
Download iOS App



