यूक्रेन में बड़े पैमाने पर रूसी हमले के कुछ घंटे बाद भारत ने प्रमुख पक्षों के बीच बातचीत की जरूरत को बृहस्पतिवार को रेखांकित किया और कहा कि इस वार्ता को संभव बनाने में मदद करके उसे खुशी होगी।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत अमेरिका, रूस और यूरोपीय संघ समेत सभी संबंधित पक्षों के ‘‘निकट संपर्क’’ में है।
यूक्रेन संकट पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मसौदा प्रस्ताव के बारे में पूछे जाने पर श्रृंगला ने कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि इसमें काफी बदलाव होगा। हम इस पर अपना रुख रखने से पहले इसके आकार लेने का इंतजार करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य होने के नाते और ऐसा देश होने के नाते, जिसका उस क्षेत्र में काफी कुछ दांव पर लगा है, जिसके अनेक नागरिक संवेदनशील क्षेत्रों में हैं, हम सभी संबंधित पक्षों के निकट संपर्क में हैं।’’
श्रृंगला ने कहा, ‘‘हमने हमेशा कहा है कि पक्षों को एक-दूसरे से बात करने की जरूरत है और यदि इसमें हम कोई मदद कर सकते हैं तो हमें ऐसा करके बहुत खुशी होगी।’’
रूस पर पश्चिमी प्रतिबंधों के बारे में विदेश सचिव ने कहा, ‘‘हमें ध्यान से इनका अध्ययन करने की आवश्यकता है, क्योंकि हर प्रतिबंध का हमारे मौजूदा संबंध पर असर पड़ेगा। इस बात को स्वीकार करना उचित होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



