भारत ने भूकंप प्रभावित तुर्की को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी, महत्वपूर्ण उपकरण शामिल

Summary :

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से की गई घोषणा के कुछ घंटे बाद ही भारतीय वायु सेना के विमान के जरिए भारत ने भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्किये रवाना कर दी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से की गई घोषणा के कुछ घंटे बाद ही भारतीय वायु सेना के विमान के जरिए भारत ने भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्किये रवाना कर दी। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि राहत सामग्री के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और चिकित्सा दलों को तुर्किये गणराज्य की सरकार के समन्वय से तुर्किये भेजा जाएगा।
कित्सकीय आपूर्ति, उन्नत ‘ड्रिलिंग’ उपकरण शामिल 
इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के विशेष खोज एचं बचाव दल शामिल हैं, जिसमें पुरुष एवं महिला कर्मी, श्वान दस्ता, चिकित्सकीय आपूर्ति, उन्नत ‘ड्रिलिंग’ उपकरण और सहायता प्रयासों के लिए आवश्यक अन्य महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘भारत की मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) तैयार है। एनडीआरएफ का खोज एवं बचाव दल, प्रशिक्षित श्वान दस्ता, चिकित्सकीय आपूर्ति, ‘ड्रिलिंग’ मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्किये के लिए रवाना।’’ इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की थी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
जरूरत के समय काम आने वाला दोस्त ही सच्चा दोस्त होता है
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘तुर्किये में भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान की खबर से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ भारत में तुर्किये के राजदूत फ़िरात सुनेल ने भारत सरकार की सहायता की पेशकश के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ‘‘जरूरत के समय काम आने वाला दोस्त ही सच्चा दोस्त होता है।’’

Desk Team