ब्रेडा : ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां भारत को हराकर चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत को लगातार दूसरी बार चैंपिंयस ट्रोफी में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा तो ऑस्ट्रेलिया 15वीं बार चैंपियन बना है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को शूटआउट में 3-1 (1-1) से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया जबकि भारत दूसरी बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद पहला खिताब नहीं जीत सका। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
मैच का पहला गोल ऑस्ट्रेलिया के लिए गोवर्स ने 24वें मिनट में किया था जबकि भारत के विवेक सागर ने 42वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया था। इससे पहले साल 2016 में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा किया था। भारत अब तक चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब नहीं जीत सका है। शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया के लिए जेलेवस्की, बीले और जेरेमी एडवर्ड ने गोल किए जबकि भारत के लिए मनप्रीत सिंह ने एकमात्र गोल दागा।
भारत की ओर से सरदार सिंह, ललित उपाध्याय और हरमनप्रीत सिंह गोल नहीं कर सके। भारतीय टीम मुकाबले के पहले क्वार्टर में मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं पाई जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 24वें मिनट में पहले ही पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल में तब्दील कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह गोल गोवर्स ने दागा। ऑस्ट्रेलिया ने इस बढ़त को हाफ टाइम तक कायम रखा। दूसरे हाफ में 33वें मिनट में भारत को उसका चौथा पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुआ। लेकिन मनप्रीत इस मौके को गले नहीं लगा पाए। भारत ने अपना आक्रमण जारी रखा और 37वें मिनट में भारत ने पेनाल्टी के लिए रेफरल मांगा लेकिन उसका यह रेफरल खारिज कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



