रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को फोन पर वार्ता के दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहा कि इजरायली वायु सेना का सीरिया में अभियान करना उसकी (सीरिया) संप्रभुता का उल्लंघन है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पुतिन ने यह टिप्पणी रूसी रक्षा मंत्रालय के उस बयान के बाद की जिसमें उसने कहा था कि सोमवार रात उसके आईएल-20 निगरानी करने वाले विमान जिसमें 15 रूसी सैनिक सवार थे, इजरायली मिसाइलों की जद में आ गए और अनजाने में सीरियाई मिसाइल ने उसे मार गिराया।
क्रेमलिन की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पुतिन ने फोन पर बातचीत में कहा कि इस मामले में सीरिया में खतरनाक घटनाओं को रोकने को लेकर रूसी-इजरायली समझौते की अनेदखी की गई। पुतिन ने इजरायली पक्ष से अब से इस तरह की स्थितियों को रोकने का आग्रह किया है।
क्रेमलिन के मुताबिक, नेतन्याहू ने आईएल-20 विमान में सवार रूसी सैनिकों के मारे जाने पर संवेदना जताई है। नेतन्याहू ने दुखद घटना की जांच कराने का भरोसा दिलाने के साथ ही सीरियाई क्षेत्र में इजरायली वायु सेना द्वारा अंजाम दी गई गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराने का वादा किया है।


Download Android App
Download iOS App



