ब्रिटेन की एक अदालत ने लाखों पाउंड मूल्य के मादक पदार्थ की तस्करी और धनशोधन के जुर्म में भारतीय मूल के गैंगस्टर और उसके भारतीय करीबी को कुल 34 साल की कैद की सजा सुनायी है। गैंगस्टर बलजिंदर कांग (31) और उसके साथी सुखजिंदर पूनी (34) आठ सदस्यीय गिरोह के अगुवा थे। सभी आठों सदस्यों को छह महीने में 50 किलोग्राम केटामाइन समेत मादक पदार्थ की तस्करी और धनशोधन (15 लाख पाउंड) करने के जुर्म में सजा सुनायी गयी।
ब्रिटेन के क्राउन अभियोजन ने अदालत से कहा कि कांग शानो-शौकत की जिंदगी जीता था और वह गुक्की, राल्फ लौरेट और हैरोड्स ब्रांडों पर पैसे खर्च करता था। वह डिजायनर घड़ियां पहनता था, महंगी कारों में घूमता था। वह नियमित रूप से संयुक्त अरब अमीरात जाता था।
इस साल के प्रारंभ में जब वह दुबई जाने के लिए ब्रिटेन के किसी हवाई अड्डे पर जा रहा तब उसे गिरफ्तार किया गया। उसने अपना गुनाह कबूला जिसके बाद उसे 18 साल की सजा हुई। उसका साथी पूनी उसे इस काम में मदद करता था। उसे 16 साल की सजा सुनायी गयी। इन दोनों और उसके बाकी छह साथियों को किंग्सटन क्राउन की अदालत ने शुक्रवार को सजा सुनायी।


Download Android App
Download iOS App



