विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को अपने अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिंकन से विभिन्न विषयों पर बातचीत की और कोविड-19 से निपटने के दौरान मुश्किल समय में भारत का साथ देने के लिए बाइडन प्रशासन का शुक्रिया अदा किया। अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर आए जयशंकर 20 जनवरी को जो बाइडन के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद देश के दौरे पर आने वाले भारत के पहले कैबिनेट मंत्री हैं।
ब्लिंकन ने कहा कि कोविड-19 के आरंभिक दिनों में भारत ने अमेरिका का साथ दिया जिसे उनका देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अब हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम भारत के लिए और उसके साथ खड़े रहें।’’ जयशंकर ने यहां विदेश विभाग में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने बहुत सारे मुद्दों पर चर्चा की। मुझे लगता है कि दोनों देशों के संबंध पिछले कुछ वर्षों में बहुत मजबूत हुए हैं और मैं आश्वस्त हूं कि आगे भी ऐसा होना जारी रहेगा।’’
जयशंकर ने कहा, ‘‘कठिन समय में साथ देने के लिए प्रशासन और अमेरिका का आभार जताना चाहता हूं।’’ ब्लिंकन ने कहा कि भारत और अमेरिका ‘‘हमारे समय’’ की कई महत्वपूर्ण चुनौतियों पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम कोविड-19 से साथ मिलकर लड़ रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



